चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना एक बार फिर पीली जर्सी वाली टीम से जुड़ना चाहते हैं। इस बार वह मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि कोचिंग स्टाफ के सदस्य के रूप में वापसी करना चाहते हैं। रैना ने खुलासा किया है कि उन्होंने फ्रेंचाइजी से इस बारे में बात भी की है, लेकिन अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने साफ किया कि वह टीम के साथ किसी भी भूमिका में काम करने के लिए तैयार हैं। रैना ने यह बात अपने पूर्व साथी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत के दौरान कही। उन्होंने बताया कि आईपीएल में करीब 16-17 साल खेलने और कई बड़े मुकाबलों का हिस्सा रहने के बाद वह अपना अनुभव युवा खिलाड़ियों के साथ साझा करना चाहते हैं।
'मैंने CSK से बात की है, अब फैसला उनका है'
रैना ने अश्विन से बातचीत में कहा कि उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने अपनी इच्छा जाहिर कर दी है। अब यह फ्रेंचाइजी पर निर्भर करता है कि वह उन्हें किस तरह टीम से जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा, "मैंने आईपीएल में करीब 16 या 17 साल खेला है। CSK के लिए काफी रन बनाए, फाइनल खेले और कई दबाव भरे मुकाबलों का अनुभव हासिल किया। मैंने उनसे बात की है, अब फैसला उन्हें करना है। टीम अब उनकी है और हम दोनों संन्यास ले चुके हैं।" रैना ने आगे कहा कि उन्होंने टीम के लिए अपना योगदान दिया है और कई ट्रॉफियां भी जीती हैं। अब फ्रेंचाइजी को तय करना है कि वह उनके अनुभव का किस तरह इस्तेमाल कर सकती है।
किसी भी भूमिका में काम करने को तैयार हैं रैना
सुरेश रैना ने यह भी स्पष्ट किया कि वह CSK में किसी खास पद की मांग नहीं कर रहे हैं। उनके लिए टीम के साथ जुड़े रहना और खिलाड़ियों को जीत की राह दिखाने में मदद करना ज्यादा मायने रखता है। उन्होंने कहा, "मैं उनके साथ किसी भी भूमिका में काम करना पसंद करूंगा। मेरे लिए इतना काफी है कि मैं खिलाड़ियों के साथ रहूं और टीम ट्रॉफियां जीतती रहे। हमारे लिए पीला रंग ही सब कुछ है।" रैना का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, विश्व कप और आईपीएल के दौरान दबाव में खेलने से उन्होंने जो अनुभव हासिल किया है, वह युवा खिलाड़ियों के काफी काम आ सकता है। वह खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती, निरंतर प्रदर्शन और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने के तरीके सिखाना चाहते हैं।
CSK के लिए ऐसा रहा है रैना का रिकॉर्ड
सुरेश रैना 2008 से 2021 तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने टीम को चार आईपीएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। वह CSK के लिए टी20 क्रिकेट में 5,529 रन बना चुके हैं और फ्रेंचाइजी के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। रैना को 'मिस्टर आईपीएल' के नाम से भी जाना जाता है। आईपीएल प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम है। उन्होंने कई बड़े मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाई है।
जहीर खान के हाथों में CSK की कोचिंग की कमान
आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है। उन्होंने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह ली है। मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच और गैरेथ बैटी तथा एल्बी मोर्कल को सहायक कोच की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में रैना की वापसी का रास्ता आसान नहीं दिखता, क्योंकि टीम का कोचिंग ढांचा पहले ही तैयार किया जा चुका है। रैना ने अपनी इच्छा जाहिर कर दी है। अब देखना होगा कि CSK प्रबंधन उन्हें अपने नए सेटअप में जगह देता है या नहीं।