भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने अपनी गेंदबाजी से खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 10 ओवर में 70 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे मैच में चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय तेज गेंदबाज बन गए। उनसे पहले यह कारनामा जवागल श्रीनाथ और मोहम्मद शमी कर चुके हैं। अर्शदीप ने अपनी गेंदबाजी के दौरान विल यंग, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और काइल जैमीसन को पवेलियन भेजा। उनकी धारदार गेंदबाजी के सामने न्यूजीलैंड की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 185 रन पर सिमट गई। भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने भी 3 विकेट लिए, जबकि अंशुल कंबोज को 2 सफलताएं मिलीं।

श्रीनाथ और शमी के खास क्लब में शामिल हुए अर्शदीप

न्यूजीलैंड में वनडे मुकाबलों के दौरान भारतीय तेज गेंदबाजों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की सूची में अर्शदीप चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में जवागल श्रीनाथ का दबदबा है। उन्होंने 2003 में ऑकलैंड में 4 विकेट पर 23 रन और 1995 में नेपियर में 4 विकेट पर 52 रन लिए थे। वहीं, मोहम्मद शमी ने 2014 में नेपियर में 4 विकेट पर 55 रन देकर यह उपलब्धि हासिल की थी। अर्शदीप ने 4 विकेट लेकर इन दोनों दिग्गजों के क्लब में जगह बना ली। हालांकि, वह पांच विकेट लेने से सिर्फ एक कदम दूर रह गए। अगर उन्हें एक और सफलता मिल जाती तो वह न्यूजीलैंड में वनडे मैच में पांच विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाते। उनसे पहले अनिल कुंबले ने 1994 में वेलिंगटन में 33 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।

गेंदबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का उठाया फायदा

मैच के बाद अर्शदीप ने बताया कि पिच पर गेंदबाजों के लिए अच्छी मदद मौजूद थी। उन्होंने कहा कि उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से आने के बाद जब किसी पिच पर गेंद को मूवमेंट मिलता है, तो गेंदबाजी करना अच्छा लगता है। उनके मुताबिक, हवा से भी गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। अर्शदीप ने शॉर्ट बॉल की रणनीति पर भी बात की। उन्होंने बताया कि गेंदबाजों ने पिच से मिल रही मदद का फायदा उठाने के लिए सही लेंथ पर गेंद डालने की कोशिश की और बल्लेबाजों के शॉट खेलने के प्रयासों का लाभ मिला।