अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ओहायो के गवर्नर पद का मुकाबला काफी चर्चा में रहा। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार डॉ. एमी एक्टन ने रिपब्लिकन प्रत्याशी और भारतीय मूल के नेता विवेक रामास्वामी को हराकर जीत हासिल की है। इस नतीजे के साथ एक्टन ओहायो के इतिहास में निर्वाचित होने वाली पहली महिला गवर्नर बन गई हैं। वहीं, करीब दो दशक बाद राज्य में किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार ने गवर्नर पद पर जीत दर्ज की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रामास्वामी का समर्थन किया था। इसके बावजूद वह चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, एमी एक्टन की जीत से ओहायो में रिपब्लिकन पार्टी के लंबे राजनीतिक वर्चस्व को भी झटका लगा है।

चुनाव प्रचार में 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च

इस चुनाव में दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला काफी महंगा और चर्चा में रहने वाला रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, विवेक रामास्वामी और उनके समर्थकों ने एमी एक्टन के खिलाफ प्रचार अभियान में 100 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च किए। इसके बावजूद एक्टन ने जीत दर्ज की। चुनाव प्रचार के दौरान एक्टन ने स्वास्थ्य सेवाओं को किफायती बनाने और आम लोगों की उन तक पहुंच बेहतर करने को प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने कामकाजी और मध्यम वर्ग के परिवारों की आर्थिक परेशानियों पर भी जोर दिया। 60 वर्षीय एक्टन ने अपने बचपन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक दौर में उनके परिवार के पास रहने के लिए स्थायी घर नहीं था और उन्हें सर्दियों में टेंट में भी रहना पड़ा था।

रामास्वामी की संपत्ति और नीतियों को बनाया मुद्दा

एमी एक्टन ने प्रचार के दौरान रामास्वामी की कारोबारी पृष्ठभूमि और संपत्ति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने उन्हें ऐसे उम्मीदवार के तौर पर पेश किया जो महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों से जूझ रहे आम लोगों की समस्याओं को नहीं समझते। विवेक रामास्वामी बायोटेक क्षेत्र के उद्यमी और अरबपति हैं। वह 2024 में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव में भी रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल हुए थे। बाद में उन्होंने अपनी दावेदारी वापस लेकर डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया था।

एमी एक्टन की मां को लेकर विज्ञापन पर हुआ विवाद

चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में रामास्वामी के अभियान की ओर से जारी एक विज्ञापन को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसमें एमी एक्टन की मां उन्हें झूठा बताते हुए दिखाई गई थीं। विज्ञापन में एक्टन के बचपन से जुड़े निजी और दर्दनाक अनुभवों का भी जिक्र किया गया था। रिपोर्टों के अनुसार, एक्टन की मां ने बचपन में उनके साथ हुए कथित यौन शोषण के मामले को लेकर उनकी बातों पर सवाल उठाए थे। इस विज्ञापन की डेमोक्रेटिक नेताओं के साथ-साथ कुछ रिपब्लिकन नेताओं ने भी आलोचना की। ओहायो के रिपब्लिकन गवर्नर माइक डिवाइन ने भी इसे अनुचित बताया था। ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रामास्वामी का बचाव किया था। विज्ञापन को लेकर बढ़े विवाद के बीच रामास्वामी के अभियान ने चुनाव से कुछ दिन पहले इसे प्रसारित करना बंद कर दिया था।

जनवरी में संभालेंगी गवर्नर का पद

एमी एक्टन अब जनवरी में ओहायो की गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालेंगी। उनके सामने राज्य की रिपब्लिकन बहुमत वाली विधानसभा के साथ काम करने की चुनौती होगी। स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आम लोगों के खर्च से जुड़े मुद्दे उनके प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल रहने की उम्मीद है। एक्टन की जीत को ओहायो की राजनीति में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य में 2006 के बाद पहली बार डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार गवर्नर चुना गया है। साथ ही, वह ओहायो की पहली निर्वाचित महिला गवर्नर के रूप में इतिहास बनाएंगी।