पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उनकी फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर सेंसरशिप के मुद्दे पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। इसी बीच दिलजीत ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से तंज कसते हुए उन लोगों पर निशाना साधा है, जो फिल्म को लेकर सेंसरशिप का मजाक उड़ा रहे हैं। दरअसल, 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' की शुरुआत की। इसी दौरान उन्होंने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि वो एक कलाकार हैं और सभी से प्यार करते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अगर वो किसी मुद्दे पर चुप रहना चाहते हैं, तो उन्हें ऐसा करने दिया जाना चाहिए। हालांकि, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पंजाबियों को ये सिखाने की जरूरत नहीं है कि उन्हें अपनी लड़ाई कैसे लड़नी है।
फिल्म का उड़ाया गया मजाक
दिलजीत ने अपनी फिल्म 'सतलुज' का जिक्र करते हुए कहा कि जिस फिल्म का मंच पर मजाक बनाया गया, वो मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। इस प्रोजेक्ट को पर्दे तक पहुंचाने के लिए पूरी टीम ने काफी लंबा संघर्ष किया है। दिलजीत की बातों से साफ था कि फिल्म को लेकर की गई टिप्पणियों से वो आहत हैं।
NEET प्रदर्शन से शुरू हुआ था विवाद
दिलजीत और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच विवाद की शुरुआत NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई थी। उस समय दिलजीत से छात्रों के आंदोलन को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने खुद को एक कलाकार बताते हुए राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर टिप्पणी करने से दूरी बनाई थी। उनके इस जवाब के बाद CJP से जुड़े अभिजीत दीपके ने उनकी आलोचना की थी। उन्होंने दिलजीत पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर कलाकार ऐसे मुद्दों पर अपनी बात नहीं रखेंगे, तो उनकी फिल्मों को बैन किए जाने पर भी उन्हें विरोध की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
क्या है फिल्म 'सतलुज' का पूरा मामला?
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी और उनके संघर्ष पर आधारित है। खालड़ा ने 1980 और 1990 के दशक में पंजाब में कथित गैरकानूनी हत्याओं और गुप्त अंतिम संस्कार से जुड़े मामलों को सामने लाने का काम किया था। लंबे समय तक सेंसरशिप से जुड़ी अड़चनों का सामना करने के बाद ये फिल्म 3 जुलाई 2026 को ZEE5 पर रिलीज हुई थी, लेकिन महज दो दिन बाद यानी 5 जुलाई को इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। इसके बाद फिल्म की रिलीज और सेंसरशिप को लेकर सवाल उठने लगे।
अभिजीत दीपके ने भी किया पोस्ट
दिलजीत के कॉन्सर्ट में दिए गए बयान के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने दिलजीत को छोटा भाई बताते हुए पुरानी बातों को भूलकर आगे बढ़ने की अपील की। इस पूरे किस्से के बाद दोनों के बीच चल रही जुबानी जंग एक बार फिर चर्चा में आ गई है।