सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में इस हफ्ते एक और बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। इस बार किसका एविक्शन होगा अब वो नाम सामने आ गया है। फिलहाल 6 लोग नॉमिनेटेड हैं और उनमें स्काउट, लव, गुल्लू, आसिफ, कनिका और आम्रपाली के नाम शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, आसिफ खान को कम वोट मिलने के चलते घर से बाहर होना पड़ा है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक उनके एविक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

कम वोट मिलने से खत्म हुआ आसिफ का सफर?

इस हफ्ते घर से बेघर होने के लिए कई कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट हुए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन सभी के बीच हुई वोटिंग में आसिफ को सबसे कम सपोर्ट मिला। इसी वजह से उनका शो में सफर खत्म होने की खबर सामने आ रही है। आसिफ खान पिछले कुछ दिनों से घर के अंदर अपने बर्ताव और दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ हुई बहस को लेकर सुर्खियों में थे। खास तौर पर काजी तौकीर के साथ उनकी तीखी नोकझोंक ने काफी ध्यान खींचा था। 

'पंचायत' से मिली थी खास पहचान

आसिफ खान बॉलीवुड और ओटीटी की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। उन्हें सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी वेब सीरीज 'पंचायत' से मिली थी। सीरीज में उनका डायलॉग 'गजब बेइज्जती है' दर्शकों के बीच काफी मशहूर हुआ। इसके अलावा वो 'मिर्जापुर' में बाबर खान और 'पाताल लोक' में कबीर एम के किरदार में भी नजर आ चुके हैं। 'जामताड़ा: सबका नंबर आएगा' में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। एक्टिंग के साथ-साथ आसिफ कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर भी काम कर चुके हैं। 

अब किसकी होगी घर से विदाई?

आसिफ के कथित एविक्शन की खबर सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें वीकेंड के एपिसोड पर टिकी हैं। अगर ये खबर सही साबित होती है, तो घर में मौजूद बाकी सदस्यों की रणनीति और समीकरणों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल सभी को मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।