Mayawati Statement On PDA Rath: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी के पीडीए रथ को लेकर आज हमला बोला है। मायावती ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लाल छोड़कर अब भगवा ओढ़ लिया है। अखिलेश का पीडीए रथ आरएसएस और भाजपा का भगवाकरण है, जो दर्शाता है कि मुसलमानों पर सपा का वोट पाने का भरोसा उठ गया है। मायावती ने यह दावा किया कि ऊंच जातियां और खासकर ब्राह्मण समाज तथा मुस्लिम भी बीएसपी के पक्ष में बदल रहे हैं।

वोटों के खातिर गिरगिट की तरह बदले रंग

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर कहा कि सपा ने दलित, पिछड़ों के साथ खुद को अंबेडकरवादी बताया था, मगर जनता ने रिजेक्ट कर दिया है। सपा प्रमुख का पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग का कम और आरएसएस/ भाजपा के भगवा रंग का (भगवाकरण) अधिक है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि रथ को लेकर लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की खातिर गिरगिट की तरह रंग बदलना या फिर मुसलमानों पर से सपा प्रमुख का वोट पाने का भरोसा उठना है?

1. यूपी के आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी हेतु समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख का प्रचारित ’पीडीए रथ’ सपा के अपने लाल रंग का कम तथा आरएसएस/भाजपा के ’भगवा’ रंग का (भगवाकरण) ज़्यादा है, तो ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की ख़ातिर गिरगिट की तरह लगातार…
— Mayawati (@Mayawati) September 21, 2026


मुसलमानों का झुकाव किस ओर?

मायावती ने यह भी कहा कि यूपी के खासकर मुस्लिम समाज को इस कड़वी सच्चाई का अहसास है कि पिछले चुनावों में सपा को उनके अधिकतर एकतरफा वोट देने के बावजूद भी यूपी और केंद्र की सत्ता में भाजपा को सरकार बनाने से नहीं रोक पाती है। इस पार्टी को बार-बार वोट देकर अपना वोट खराब क्यों किया जाए। बसपा प्रमुख ने दावा किया कि मामले में अब ऊंच जातियों में से खासकर ब्राह्मण समाज की तरह मुस्लिम अपना रवैया काफी तेजी से बीएसपी के पक्ष में बदल रहे। सपा को यह भी जनता को जरूर बताना चाहिए कि अब इनके पीडीए की असली वास्तविकता क्या है, क्योंकि चुनावी स्वार्थ में अब तक इन्होंने कभी पीडीए को पिछड़ा, दलित बताया तो कभी पीडीए को पंडित बताया है। कभी अपने आपको अंबेडकरवादी बताने के चक्कर में बीएसपी का नीला रंग वाला वस्त्र धारण कर फोटो खिंचवाई है।

"भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जानबूझकर PDA के लोगों को अपमानित किया जा रहा है। जितना पीड़ा बढ़ेगी उतना PDA बढ़ेगा।"

- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/n09uFmAQSc
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) September 21, 2026


लखनऊ, उत्तर प्रदेश: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बसपा प्रमुख मायावती द्वारा सपा के ‘PDA रथ’ को लेकर किए गए ट्वीट पर कहा, "देखिए, आप जानते ही हैं कि समाजवादी पार्टी सभी रंगों को अपने रंग को छोड़कर, क्योंकि पता है कि सभी लोग समाजवादी पार्टी से ऊब चुके हैं, समाजवादी पार्टी गुंडई,… pic.twitter.com/95S557y12D
— IANS Hindi (@IANSKhabar) September 21, 2026


सपा को जनता ने नकारा

मायावती ने कहा कि सपा का यह तरीका भी जनता ने नकारा और इसको लोगों ने फौरन फर्जी अंबेडकरवादी कहकर रिजेक्ट कर दिया। बीएसपी सर्वसमाज के लिए सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय की नीति और सिद्धांत वाली अंबेडकरवादी पार्टी है। सभी को रोटी-रोजगारयुक्त, आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान का जीवन जीने की पक्षधर है, इसलिए सर्वसमाज में बीएसपी का अपना सम्मान है।