जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। अचानक धरती हिलने से स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
तड़के करीब 1 बजे आया भूकंप
भूकंप के आंकड़ों के मुताबिक, झटके 30 अक्टूबर को रात करीब 1 बजकर 46 सेकंड पर दर्ज किए गए। इसका केंद्र कुलगाम जिले में जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप का केंद्र 33.628 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.922 डिग्री पूर्वी देशांतर पर बताया गया है।
प्रशासन के मुताबिक स्थिति सामान्य
भूकंप के झटके कुलगाम के अलावा दक्षिण कश्मीर के कुछ अन्य इलाकों में भी महसूस किए गए। धरती में कंपन महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोगों के बीच डर और बेचैनी का माहौल बना रहा। भूकंप के बाद किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी के अनुसार स्थिति सामान्य है। फिलहाल किसी इमारत के क्षतिग्रस्त होने या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। कम तीव्रता के बावजूद भूकंप के अचानक आए झटकों ने स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया।