Mahagun Mywoods Society Accident : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाई-राइज सोसाइटी से बड़ी दुर्घटना सामने आई है। यहां बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में 23वीं मंजिल स्थित फ्लैट से गिरकर पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। आज यानी 30 अक्टूबर की सुबह घटी इस घटना के बाद से सोसाइटी और आसपास के इलाके में सन्नाटा पसरा है। 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनका बेटा आरव तड़के मंदिर जाने की तैयारियों में लगे थे।
खाटू श्याम मंदिर जाने वाला परिवार
रणदीप की पत्नी ने बताया कि पूरे परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए निकलना था। मंदिर जाने से पूर्व पूजा के लिए फूलों की जरूरत थी। पिता-पुत्र बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ रहे थे। ऊंचाई पर लगे फूलों तक पहुंचने के लिए उन्होंने सीढ़ी का सहारा लिया हुआ था। फूल तोड़ते समय अचानक सीढ़ी फिसल गई और 11 वर्षीय आरव अपना संतुलन खोकर बालकनी के पार 23वें फ्लोर की रेलिंग से नीचे की ओर लटक गया। बच्चे को आंखों के सामने मौत के मुहाने पर झूलता देख पिता रणदीप उसे बचाने के लिए तुरंत लपके। मगर, दुर्भाग्यवश बेटे को कसकर थामने के प्रयास में पिता का संतुलन भी बिगड़ गया और दोनों ही इतनी भीषण ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरे।
पुलिस को दी गई सूचना
हादसे की सूचना तुरंत पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) के जरिए बिसरख थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो टॉवर-23 के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर पिता और पुत्र खून से लथपथ और बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खुशियां मातम में बदलीं
बिसरख पुलिस ने पंचायतनामा तैयार कर शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जो परिवार कुछ देर में खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकलने वाला था, वहां पल भर में खुशियां मातम में बदल गईं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।