'दृश्यम- द कन्क्लूजन' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। विजय सलगांवकर ने पूरी दुनिया को साल 2015 से कन्फ्यूज करके रखा है कि 2 अक्टूबर की रात क्या हुआ था। ये तो सब जानते हैं कि विजय सलगांवकर और उनके परिवार के हाथ एक शख्स के खून से सने हुए हैं। ये बात अलग है कि सबूत न मिलने की वजह से उनका गुनाह आज तक साबित नहीं हो पाया है। अब इस थ्रिलर मिस्ट्री को आगे बढ़ाने के लिए अजय देवगन की 'दृश्यम- द कन्क्लूजन' आ रही है। फिल्म का ट्रेलर बड़ा ही धमाकेदार लग रहा है। 

अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत की हुई एंट्री 

2 मिनट 49 सेकंड के इस ट्रेलर में एक बार फिर फैंस के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और एक्साइटमेंट को 3 गुना बढ़ा दिया है। 'दृश्यम- द कन्क्लूजन' के ट्रेलर में एक से बढ़कर एक डायलॉग हैं और ये सस्पेंस से भरपूर है। साथ ही इस बार फिल्म में अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत ने ले ली है। तब्बू भी इस बार मजबूर मां नहीं बल्कि घायल शेरनी के रूप में नजर आ रही हैं, जिसका मकसद बेटे की मौत के बाद न्याय नहीं बल्कि बदला लेना होगा। इस बार विजय क्या करेगा और क्या नहीं करेगा, ये या तो विजय जानता है या अल्लाह। 


जस्टिस नहीं अब होगा रिवेंज 

आपको बता दें, इस बार तब्बू और इन्वेस्टिगेशन कर रही टीम मजबूत सबूतों के साथ आई है। ये जानकर विजय और उसके परिवार की नींद उड़ने वाली है। एक गुनाह को छुपाने के लिए उन्हें कई और झूठ बोलने होंगे और साथ ही कई नए गुनाह भी करने होंगे। अपने बेटे के लिए पिता जस्टिस मांगेगा तो मां तब्बू बदला लेती नजर आएंगी, लेकिन विजय अनपढ़ तो है पर बेवकूफ नहीं है। ऐसे में उसे हलके में लेने की गलती नहीं की जा सकती। गोवा के सबसे हार्ड वर्किंग क्रिमिनल से निपटने इस बार क्राइम ब्रांच के SP यानी जयदीप अहलावत शनि बनकर आने वाले हैं। एक बार उनकी नजर किसी पर पड़ जाए तो उसका खराब समय शुरू हो जाता है। यानी इस बार विजय की मुश्किलें काफी बढ़ने वाली हैं। 

क्या परिवार को बचा पाएगा विजय सालगांवकर? 

विजय सालगांवकर के लिए ये खेल अब दिमाग नहीं बल्कि नसीब का बन चुका है। अपने परिवार पर आंच आती देख वो फिर अपने दिमाग के घोड़े दौड़ाएगा क्योंकि साधारण आदमी अपने परिवार को बचाने के लिए कुछ भी बन सकता है और किसी भी हद तक जा सकता है। ऐसे में इस बार ये कहानी और भी ट्विस्ट एंड टर्न्स से भरी हुई लग रही है। क्या इस बार मीरा देशमुख (तब्बू) के बेटे समीर की डैड बॉडी मिलेगी या फिर विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने प्लान में कामयाब हो जाएगा, इस बात का जवाब 2 अक्टूबर को मिलेगा जब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी।