'बिग बॉस 20' में हर गुजरते दिन के साथ मुकाबला और दिलचस्प हो रहा है। घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के बीच बनते-बिगड़ते रिश्ते और गेम को लेकर चल रही स्ट्रेटेजी दर्शकों का खूब ध्यान खींच रही हैं। अब वीकेंड का वार में सलमान खान ने टीवी एक्ट्रेस माही विज को उनके गेम को लेकर जमकर फटकार लगाई है। सलमान ने माही की उस आदत पर सवाल उठाए, जिसमें वो अलग-अलग कैमरों के सामने जाकर घरवालों की बातें करती नजर आती हैं। सलमान की इन बातों ने शो का माहौल गर्म कर दिया है।

सलमान ने माही को दिखाया आईना

पिछले हफ्ते रोहित शेट्टी ने शो की कमान संभाली थी, लेकिन इस बार सलमान ने घरवालों की क्लास लगाई। इस दौरान उनका निशाना माही विज भी बनीं। सलमान ने माही के गेम पर सवाल उठाते हुए कहा कि वो घर के अलग-अलग कैमरों के सामने जाकर दूसरी कंटेस्टेंट्स और घर के माहौल को लेकर अपनी बातें रखती हैं। उन्होंने माही को याद दिलाया कि कैप्टेंसी के दौरान उन्होंने घर में अनुशासन बनाए रखने और सभी से काम करवाने की बात कही थी, लेकिन बाद में वो अपनी जिम्मेदारियों को लेकर उतनी सक्रिय नजर नहीं आईं।

हर कैमरे के सामने जाकर करती हैं गॉसिप?

सलमान खान ने माही से कहा कि वो अलग-अलग कैमरों के सामने जाकर बताती रही हैं कि उनकी कैप्टेंसी में रोजाना झगड़े हुए। उन्होंने ये भी कहा कि घर के बाकी सदस्य समझ नहीं पा रहे कि माही आखिर करना क्या चाहती हैं। सलमान के मुताबिक, माही हर मामले के बाद उस पर चर्चा और गॉसिप करती दिखाई देती हैं। हालांकि, माही ने होस्ट की बातों से सहमति नहीं जताई। उन्होंने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कैमरे के सामने इस तरह की बातें नहीं की हैं और न ही वो दूसरे लोगों के मामलों में बेवजह दखल देती हैं। 

आम्रपाली और कनिका को लेकर भी की थीं टिप्पणियां

माही विज इससे पहले भी घर में अपने बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं। हाल ही में उन्होंने काजी के सामने लव के बारे में अपनी नाराजगी जाहिर की थी। आम्रपाली दुबे को लेकर बॉडी शेमिंग से जुड़ी टिप्पणी और उन पर दूसरे कंटेस्टेंट्स के खिलाफ लोगों को भड़काने जैसे आरोप भी लगाए थे। माही ने कनिका मान को लेकर भी अपनी राय रखी थी। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों के अलग-अलग रिएक्शंस देखने को मिले थे। कुछ लोग माही के गेम को मजबूत बता रहे हैं, तो कुछ उनके बर्ताव पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में सलमान की फटकार ने एक बार फिर माही को चर्चा में ले आई है।