बिपाशा बसु ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। एक्ट्रेस ने अपने फैंस को आगाह किया है और साथ ही IAS तुकाराम मुंढे से मदद की गुहार भी लगाई है। उन्होंने इंटरनेट पर लोगों को कुछ ऐसा दिखाया, जिसे देख सब हैरान रह गए। एक्ट्रेस ने दिखाया कि ब्रांड्स कैसे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हैं। एक्ट्रेस ने एक नया डब्बा खोला, लेकिन उसमें जिंदा कीड़े निकल आए। ये वाकई चौंका देने वाली बात है और साथ ही इस गौर करना भी बेहद जरूरी है।  

बिपाशा बसु के न्यूट्रिशन प्रोडक्ट में निकले कीड़े 

दरअसल, हुआ ये कि बिपाशा बसु एक न्यूट्रिशन प्रोडक्ट इस्तेमाल कर रही थीं। अब एक्ट्रेस का दावा है कि जैसे ही उन्होंने इस न्यूट्रिशन प्रोडक्ट का डब्बा खोला वो पूरा कीड़ों से भरा हुआ था। उसमें कई छोटे-छोटे कीड़े चलते हुए नजर आ रहे थे। बिपाशा बसु ने सबूत के तौर पर एक कीड़ा अपनी उंगली पर भी दिखाया है। साथ ही ब्रांड का नाम कंटेनर के साथ ही एक्सपोज कर दिया। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को अपनी पोस्ट में भी टैग किया। 

एक्ट्रेस ने तुकाराम मुंढे को किया टैग 

बिपाशा बसु ने ये हैरान कर देने वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'तुकाराम मुंढे आप आखिरी उम्मीद हैं ताकि हम जो भी चीजें खरीदते हैं, उनमें से कोई भी चीज खराब या मिलावटी न हो।' अब एक्ट्रेस इस पोस्ट के साथ ना सिर्फ FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे का ध्यान इस मामले पर खींचना चाहती हैं, बल्कि इसके खिलाफ एक्शन की भी उम्मीद कर रही हैं। सोशल मीडिया पर बिपाशा बसु का ये वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर पूरी तरह से दंग हैं। 

श्वेता तिवारी ने भी मांगी थी मदद 

अब देखना होगा कि इस मामले में FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे क्या एक्शन लेते हैं। आपको बता दें, निपाशा बसु से पहले ऐसा ही एक वीडियो एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने भी शेयर किया था। उन्होंने ऑनलाइन एक ऐप का इस्तेमाल कर घर पर कुछ सामान मंगवाया था। इस सामान में कॉक्रोच भी साथ में आए थे। इस तरह की लापरवाही पर श्वेता ने सवाल भी खड़े किए थे।