बिग बॉस के 20वें सीजन में जोरदार धमाके हो रहे हैं। कंटेस्टेंट्स अब एक-दूसरे को भांप चुके हैं और सभी के असली चेहरे भी सामने आ रहे हैं। जब-जब घर में कोई लड़ाई होती है या कोई टास्क होता है, तो दर्शक भी जान जाते हैं कि कौन किसकी तरफ है। हर वक्त ये लोग कितना भी झूठा दिखावा कर लें या कितने भी झूठे रिश्ते बना लें, इस घर में सच बाहर आ ही जाता है। ऐसा ही कुछ अब कैप्टेंसी टास्क में भी देखने को मिल रहा है। इस हफ्ते के कैप्टेंसी टास्क में यंग डीएसए को बड़ा झटका लगा है। उनके रिश्ते इस शो में ताश के पत्तों की तरह बिखर गए।
यंग डीएसए का टास्क में दोस्तों ने छोड़ा साथ
इस टास्क में वो सभी यंग डीएसए के खिलाफ नजर आ रहे हैं, जो पिछले टास्क में उन्हें जिताने के लिए अपना खून-पसीना बहा रहे थे। यंग डीएसए को इस टास्क में एक नहीं, दो नहीं बल्कि 3 लोगों से एक साथ धोखा मिला है। इस वक्त घर में जो टास्क चल रहा है वो पूरा लड़कियों के हाथ में है। वो जिसे चाहें उसे कैप्टेंसी का दावेदार बना सकती हैं। आपको बता दें, जब ये टास्क शुरू हुआ था तो यंग डीएसए और उनके ग्रुप के लड़के (आसिफ खान, रोहेड खान और स्काउट) काफी कॉफिडेंट थे कि उन्हें इस बार भी घर की लड़कियों का सपोर्ट मिलेगा। हालांकि, उनके सारे सपने इस टास्क में चकनाचूर हो गए।
View this post on Instagram
A post shared by JioHotstar Reality (@jiohotstarreality)
3 दोस्त खेल रहे ग्रुप के ही खिलाफ
टास्क शुरू होते ही अर्शिफा खान ने पार्टी बदल ली और वो अपनी ही टीम के लोगों को निशाना बनाने लगीं। अर्शिफा खान ने इस टास्क में आसिफ खान को आउट करने की कोशिश की और आसिफ को बचाने के चक्कर में स्काउट ही आउट हो गए। इस दौरान अर्शिफा खान और स्काउट के बीच काफी झगड़े हुए और बाद में यंग भी अर्शिफा से काफी नाराज हो गए। अर्शिफा खान के अलावा इस टास्क में रिति तिवारी ने भी यंग और उनके ग्रुप का साथ छोड़ दिया। टास्क का पहला राउंड खत्म होने के बाद वो बाकी लड़कियों के साथ बैठकर यंग की चुगली करती हुई भी नजर आईं।
जॉइंट फैमिली तोड़कर न्यूक्लियर में आईं माही विज!
आज जब ये कैप्टेंसी टास्क आगे बढ़ेगा तो यंग के रिश्तों में दरार और गहरी हो जाएगी। दरअसल, अर्शिफा और रिति के बाद अब माही विज भी अपने ग्रुप को धोखा देने के लिए तैयार हैं। वो इस टास्क में यंग को छोड़कर अर्शिफा खान को सपोर्ट करती दिखेंगी। जिसके बाद यंग और उनका रिश्ता टूट जाएगा। स्काउट भी इस दौरान यंग को माही से हमेशा दूर रहने की सलाह देते दिखेंगे। साथ ही कनिका मान भी यंग और माही की लड़ाई पर मजे लेती हुई दिखाई देंगी। वो माही को बोलेंगी कि 'आज जॉइंट फैमिली टूट चुकी है और आप न्यूक्लियर में आ गई हैं।' एक कैप्टेंसी टास्क ने घर के सारे झूठे रिश्तों का पर्दाफाश कर दिया है और यंग को रियलिटी चेक भी दे दिया।