'बिग बॉस 16' और 'सेलिब्रिटी मास्टर शेफ' जैसे शो से मशहूर हुईं अर्चना गौतम के साथ कुछ बेहद बुरा हो गया है। अर्चना गौतम के कैफे में दिनदहाड़े चोरी कर ली गई है। इस घटना का CCTV वीडियो अब खुद अर्चना ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। आपको बता दें, अर्चना गौतम ने हाल ही में मुंबई में अपना कैफे खोला था। इस कैफे का नाम oye churros है, जिसमें चोर घुस आया। अपने कैफे में घटी इस घटना के बाद अर्चना ने पोस्ट शेयर कर न सिर्फ मुंबई पुलिस पर सवाल उठाए हैं बल्कि अपना दर्द भी बयान किया है। 

अर्चना गौतम के कैफे में घुसा चोर 

CCTV वीडियो की बात करें तो इसमें एक शख्स चोरी करता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो शेयर करते हुए अर्चना ने पीछे वॉइस ओवर में पूरी कहानी सुनाई है। अर्चना ने कहा, 'आप जो वीडियो देख रहे हैं वो मेरे कैफे का वीडियो है। मेरे कैफे का नाम है oye churros, जो वर्सोवा अंधेरी वेस्ट में है। ये जो लड़का है ये दिन में मेरे कैफे में आता है और पूरा कैश काउंटर उठाकर लेकर जाता है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैंने किसी का क्या बिगाड़ा है? पूरे मुंबई में इसे सिर्फ मेरा ही कैफे मिला है, जिसमें ये चोरी की है। मैंने आज तक नहीं सुना कि मुंबई में चोरी हुई है, लेकिन पहली बार मैं खुद देख रही हूं कि मेरे कैफे में चोरी हुई है।'

कैफे का कैश काउंटर उठा ले गया चोर

अर्चना ने वीडियो में आगे कहा, 'इसको थोड़ा भी डर नहीं है मुंबई पुलिस का कि इसको पकड़ लेंगे। इसे देखो किस तरह शराफत से चोरी कर रहा है। मेरा पूरा कैश काउंटर उठाकर लेकर गया, अंदर मेरा कैफे तोड़कर आया और चोरी! ऐसे लोगों को पुलिस पकड़ती क्यों नहीं है? मैं ये वीडियो इसलिए डाल रही हूं कि आप लोग भी सतर्क रहें कि मुंबई में भी चोर है।' आपको बता दें, इस चोरी के CCTV वीडियो के साथ अर्चना ने इमोशनल बातें भी लिखी हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे कैफे में चोरी की ये CCTV फुटेज आप सभी के साथ शेयर कर रही हूं, ताकि आप भी सतर्क रहें और अपने घर और व्यवसाय की सुरक्षा का ध्यान रखें। मैंने इस कैफे को बहुत प्यार और मेहनत से, अपनी जमा-पूंजी लगाकर बनाया है। एक-एक चीज मैंने खुद मेहनत से जोड़ी है। लेकिन एक चोर मेरे कैफे में घुसकर पूरा कैश काउंटर ही उठाकर ले गया।'

अर्चना गौतम ने दर्ज करवाई FIR 

अर्चना ने आगे जानकारी देते हुए लिखा, 'मैंने इस मामले की FIR दर्ज करा दी है और मुंबई पुलिस से विनम्र अनुरोध है कि इस व्यक्ति को जल्द से जल्द तलाश कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। मुंबई हमेशा से मुझे एक सुरक्षित शहर लगा है, इसलिए इस घटना ने मुझे बहुत दुखी किया है। आप सभी से बस यही अनुरोध है- सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपने आसपास की सुरक्षा का ध्यान रखें।' अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस चोर को पकड़ती है।