पंजाबी इंडस्ट्री से एक बेहद शॉकिंग खबर सामने आ रही है। मशहूर सिंगर एमी विर्क को जान से मारने की कोशिश की गई है। अचानक उनकी कार पर हमला किया गया है। लगातार पंजाबी सेलिब्रिटीज पर इस तरह के हमले की खबरें सामने आ रही हैं। खासकर सिंगर्स की जान पर मौत की तलवार लटकी हुई है। ऐसा लगता है जैसे पंजाब के कलाकार कहीं भी सुरक्षित नहीं है। दरअसल, एमी विर्क पर जब हमला हुआ वो भारत में नहीं थे, बल्कि उनपर जब गोलियां बरसाई गईं तो वो कनाडा में थे। 

एमी विर्क की कार पर हुई 7 राउंड फायरिंग

आपको बता दें, पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के काफिले पर कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में फायरिंग हुई है। 5 सितंबर की रात कॉन्सर्ट के बाद हमलावरों ने सिंगर के काफिले में शामिल एक कार हमला किया। इस दौरान कार पर करीब 7 राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, कार बुलेटप्रूफ थी, जिसके कारण अंदर बैठे किसी भी शख्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी की जान बुलेटप्रूफ कार की वजह से बाल-बाल बच गई। अब इस मामले की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। 

कॉन्सर्ट के बाद एमी विर्क की गाड़ी पर हुई फायरिंग 

अभी तक कन्फर्म नहीं हुआ है कि जिस कार पर हमलावरों ने गोलियां चलाईं उसमें एमी विर्क मौजूद थे या नहीं। इस साजिश में किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस ने इस घटना की पुष्टि कर दी है। बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद रात करीब 11 बजे जब एमी विर्क वापस लौट रहे थे, तो रास्ते में एक एसयूवी से हमलावर आए और हमला कर मौके से फरार हो गए। 

जांच में जुटी पुलिस 

दूसरी तरफ अभी तक ये क्लियर नहीं हो पाया है कि एमी विर्क पर ये हमला किसने और क्यों किया। ये किस गैंग का काम है और इसके पीछे की वजह क्या है? हमले में शामिल गाड़ी और हथियारों के बारे में पुलिस जानकारी जुटाने में लगी हुई है। हमले वाली जगह के आस-पास के सभी कैमरों की फुटेज की जांच की जा सकती है। फिलहाल सिंगर की तरफ से इस मामले पर कोई बयान सामने नहीं आया है।