अक्सर ऑफिस में काम करते समय लोगों को एनर्जी कम महसूस होने लगती है। मजेदार काम करते हुए भी कभी -कभी फोकस करना मुश्किल हो जाता है। बार-बार ऐसा लगता है कि पलकें भारी हो रही हैं और विचार भी ठीक तरह से सामने नहीं रख पा रहे। दूसरों की बातें भी समझने में वक्त लगता है। इस आलस की कई वजह हो सकती हैं। अगर आप भी ऑफिस में ऐसा महसूस करते हैं तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। जरूरी नहीं कि आपकी तबीयत खराब हो! काम के बीच बार-बार नींद आने की असली वजह के बारे में जानते हैं। 

अधूरी नींद 

अक्सर लोग एक बड़ी गलती करते हैं कि वो अपनी नींद पूरी नहीं करते। रात में फोन चलाते हैं और सुबह जब अलार्म बजता है तो बड़ा पछतावा महसूस होता है। 7 से 9 घंटे की नींद लेना जरूरी होता है। अगर हम अपनी नींद पूरी कर लेते हैं तो शरीर में एनर्जी बनी रहती है। वहीं, अधूरी नींद के साथ दिन भर सुस्ती छाई रहती है। ऐसे में आपका काम में मन नहीं लगता और इसका असर प्रोडक्टिविटी पर भी पड़ता है। 

घंटों सीट पर बैठना 

अक्सर जो लोग डेस्क जॉब करते हैं उन्हें ये परेशानी ज्यादा महसूस होती है। इसके पीछे एक बड़ा कारण है। जब आप घंटों तक एक ही जगह पर बैठे रहते हैं तो आपका ब्लड सर्कुलेशन या तो रुक जाता है, या फिर कम हो जाता है। जब ब्लड सर्कुलेशन रुकता है तो शरीर में ताकत कम लगने लगती है और बॉडी ढीली पड़ने लगती है। 

स्ट्रेस 

जब आप काम या अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर ज्यादा स्ट्रेस में होते हैं तो भी नींद आने लगती है। मानसिक तनाव से थकान लगती है और किसी भी चीज में मन नहीं लगता। 

ज्यादा खाना 

अक्सर लंच करने के बाद लोगों को ऑफिस में सोने का मन करता है। आधे घंटे के लंच के बाद काम में लौटने में उन्हें एक घंटा लग जाता है। ऐसा तब होता है जब हम ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला खाना पेट भरकर खा लें। इससे ब्लड शुगर कम-ज्यादा होता है और एनर्जी कम हो जाती है। ऐसे में खाना हल्का और कम ही खाना चाहिए। 

बोरियत 

अगर हम कोई काम अपनी मर्जी के खिलाफ करते हैं या जिस काम में हमारी दिलचस्पी नहीं होती तो बोरियत का एहसास होने लगता है। इस दौरान हमें पहले अपना ध्यान थोड़ा भटकाने की जरूरत होती है, ताकि इसके बाद हम काम पर फोकस कर पाएं। एक ही चीज लगातार करने से नींद आने लगती है। 

डिहाइड्रेशन

कभी-कभी लोग काम करते हुए अपना ध्यान रखना भूल जाते हैं। ऐसे में वो पानी भी ठीक से नहीं पीते और उनकी बॉडी में डिहाइड्रेशन की शिकायत हो जाती है। पानी की कमी होने से सिरदर्द या थकान हो सकती है और नींद भी आ सकती है।