कद्दू खाने से आंखों की रोशनी अच्छी होती है क्योंकि इसमें विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन मौजूद होते हैं। ये आंखों को स्वस्थ कर देखने की शक्ति को सुधारते हैं। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भी रहते हैं, जिससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और स्किन अच्छी रहती है। कद्दू में फाइबर भी पाया जाता है, जिससे डाइजेशन इम्प्रूव होता है। इसका एक फायदा ये भी है कि इसमें मौजूद पोटेशियम से ब्लड प्रेशर कण्ट्रोल रहता है, यानी दिल से जुड़ी समस्याएं भी दूर रहेंगी। ढेरों फायदे होने के बावजूद कुछ लोग और खासकर बच्चे कद्दू खाने से बचते हैं।
कद्दू को लेकर घर में होता है ड्रामा?
जैसे ही कुछ लोगों को पता चलता है कि खाने में कद्दू बना है, तो वो न सिर्फ खाना खाने से मना कर देते हैं, बल्कि खूब ड्रामा भी करते हैं। ऐसे में घर में ड्रामा न हो ये सोचकर कुछ लोग कद्दू बनाना ही बंद कर देते हैं। हालांकि, हमारे पास ऐसे तरीके हैं जिससे घर में कद्दू भी बनेगा, सबकी सेहत भी अच्छी रहेगी और किसी को पता भी नहीं चलेगा कि उन्होंने कद्दू खा लिया है। इसे कई चीजों में डाला जा सकता है और किसी को अंदाजा भी नहीं होगा। तो चलिए जानते हैं कि छुपाकर कद्दू को कैसे खिलाया जा सकता है।
प्यूरी बनाकर करें इस्तेमाल
अगर आप बड़े-बड़े टुकड़े काटेंगे तो किसी को भी पता चल जाएगा कि वो कद्दू खा रहा है, लेकिन अगर आप इसे उबालकर पीस लेंगे तो ये समस्या भी खत्म हो जाएगी। प्यूरी को आप कई तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे आप चाहें तो आटे में मिलाकर स्वस्दिष्ट पूरियां बना सकते हैं। प्यूरी से कद्दू का पराठा भी बन सकता है और रोटी भी। यानी सब्जी की प्यूरी बनाकर इसका ब्रेड्स में धमाकेदार इस्तेमाल किया जा सकता है। कद्दू की प्यूरी से टेस्टी पाव भाजी भी बनाई जाती है। आप इसका सांभर में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही कद्दू की प्यूरी भूनकर आप ग्रेवी वाली सब्जियों में भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे सब्जी की ग्रेवी को थिकनेस भी बढ़ जाएगी।
सूप और पास्ता में भी कद्दू दिखाएगा कमाल
कद्दू को पीसकर बढ़िया-सा सूप भी बनाया जा सकता है। अपने हिसाब से इसमें मसाले डलकर टेस्ट का भी ध्यान रहेगा और इसका टेक्सचर भी मखमली और गाढ़ा महसूस होगा। इसके अलावा एक ऐसा तरीका है जिससे कोई भी कद्दू खाने से मना नहीं कर पाएगा और खासकर बच्चे तो खुद को रोक ही नहीं पाएंगे। दरअसल, बच्चों को पास्ता काफी पसंद आता है। व्हाइट सॉस पास्ता या चीज सॉस में आप अगर थोड़ी कद्दू की प्यूरी डाल दें तो ये चीज जैसा ही दिखेगा। बच्चों को ऐसे आसानी से कद्दू खिलाया जा सकता है और वो खुद इसे खाने की डिमांड करेंगे।