Ohio Hindu Temple Attack News : अमेरिका में भारतीयों और उनके उपासना स्थलों को निशाना बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ओहायो राज्य से सामने आया है। वहां असामाजिक तत्वों ने श्री स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर ईंट-पत्थर बरसा कर इमारत को गंभीर क्षति पहुंचाई। अचानक हुए इस पथराव में मंदिर के शीशे और खिड़कियां चकनाचूर हो गईं। राहत की बात रही कि हमले के वक्त परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और पुजारियों में से कोई चोटिल नहीं हुआ। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है, हालांकि हमलावरों का सुराग अब तक नहीं लग सका है।
त्योहारों के मौसम में खलल से आहत भारतीय-अमेरिकी
यह कायराना हरकत ऐसे समय में अंजाम दी गई है जब अमेरिका भर में अक्टूबर को हिंदू हेरिटेज मंथ के रूप में उल्लासपूर्वक मनाया जा रहा है और आगामी नवरात्रि उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसे पवित्र मौके पर हुए हमले से प्रवासी भारतीयों में गहरा आक्रोश है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे सुनियोजित नफरती अपराध की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के दिनों में अमेरिका में भारतीय समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली बयानबाजी में तेजी आई है। संस्था ने जनप्रतिनिधियों से ऐसी घृणास्पद मानसिकता की निंदा करने और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है।
5 वर्षों में आधा दर्जन से अधिक मंदिर बने निशाना
उत्तर अमेरिका के हिंदू संगठनों (HSS और CoHNA) के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते आधे दशक में अमेरिका के भीतर धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ की 15 से अधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं।
अगस्त 2022 : न्यूयॉर्क स्थित श्री तुलसी मंदिर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को खंडित किया गया।
दिसंबर 2023 : नेवार्क (कैलिफोर्निया) के स्वामीनारायण मंदिर परिसर की दीवारों पर भारत विरोधी और नफरती पंक्तियां पोती गईं।
सितंबर 2024 : मेलविल (न्यूयॉर्क) और सैक्रामेंटो (कैलिफोर्निया) के BAPS स्वामीनारायण मंदिरों में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की।
मार्च 2025 : चिनो हिल्स (कैलिफोर्निया) के BAPS मंदिर को असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया।
इमिग्रेशन और चुनावी राजनीति का शिकार हो रहे भारतीय
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में प्रस्तावित मिडटर्म चुनावों के मुहाने पर आव्रजन (इमिग्रेशन) का मुद्दा फिर राजनीतिक रोटियां सेकने का जरिया बन गया है। भारतीयों पर जॉब छीनने के आरोप लगाकर सियासी माहौल गरमाया जा रहा है।
जुलाई तक भारतीयों से हेट क्राइम के 44535 मामले
प्रवासियों के अधिकारों की पैरवी करने वाले संगठन API की एक अध्ययन रिपोर्ट डराने वाले आंकड़े पेश करती है। जुलाई तक ही भारतीयों के विरुद्ध हेट क्राइम से जुड़े 44535 मामले रिकॉर्ड किए जा चुके थे। आशंका जताई जा रही कि चुनावी सरगर्मी चढ़ने के साथ ही साल के अंत तक नफरती वारदातों का यह आंकड़ा 58 हजार के खौफनाक स्तर को छू सकता है, जो पिछले वर्षों की तुलना में 30% की बढ़ोतरी को दर्शाता है।