काजोल की बहन तनीषा मुखर्जी का एक ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अजय देवगन की साली ने सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ, अमित शाह और महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस से मदद मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी की शिकायत की है और इन लोगों को लोनावला आने के लिए भी कह दिया। अब अचानक ऐसा क्या हुआ कि तनीषा मुखर्जी को योगी, अमित शाह और देवेन्द्र फडणवीस को लोनावला आने के लिए कहना पड़ गया? चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
बिजली के बिल को लेकर हुआ बवाल
दरअसल, ये मामला बिजली से जुड़ा हुआ है। अचानक तनीषा मुखर्जी के घर की बिजली काट दी गई और अब इसका कारण बताते हुए एक्ट्रेस ने शिकायत की है। तनीषा मुखर्जी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लोनावला में माफिया की तरह बर्ताव कर रहा है! वो भारी बिल देते हैं और बिजली काटकर पैसे चुकाने के लिए मजबूर करते हैं। यह क्रिमिनल है!'
क्या है मामला?
तनीषा मुखर्जी ने आगे लिखा, 'शनिवार की शाम को बिजली काटने आना, जबकि अभी बिल भरने की आखिरी तारीख भी नहीं आई और लोगों को बंधक की तरह पकड़कर रखना। महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस, योगी आदित्यनाथ, अमित शाह और टाटा पावर प्लीज लोनावला आइए। यहां कोई कानून नहीं है। ये अपनी मनमानी कर रहे हैं! ये अमानवीय है।'
वायरल हुआ तनीषा का पोस्ट
अब एक्ट्रेस ने जो मुद्दा उठाया है उसपर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। ये मामला वाकई गंभीरता से देखा जाना चाहिए। मोटे बिल भेजकर, बिल भरने की आखिरी तारीख से पहले आकर बिजली काट देना वाकई गैर-कानूनी है। इस तरह के मामले लोगों को चौंका रहे हैं। अब देखना होगा कि तनीषा मुखर्जी कि इस गुजारिश के बाद क्या होता है।