भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से ठीक पहले टीम इंडिया को राहत की खबर मिली है। कप्तान शुभमन गिल शुक्रवार को अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे, लेकिन अब उनके पहले वनडे से बाहर होने का खतरा टल गया है। भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने साफ किया कि गिल फिट हैं और तिरुवनंतपुरम में होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सिराज की गेंद से चोटिल हुए थे गिल

दरअसल, अभ्यास सत्र के दौरान शुभमन गिल मोहम्मद सिराज की गेंद पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक गेंद उनकी दाहिनी कोहनी पर जा लगी। चोट लगने के बाद गिल कुछ देर के लिए मैदान से बाहर चले गए और टीम के मेडिकल स्टाफ ने उनकी जांच की। इस दौरान विराट कोहली और मोहम्मद सिराज भी कप्तान का हाल जानने पहुंचे थे। चोट के बाद गिल को मेडिकल टीम के साथ करीब 20 मिनट बिताने पड़े। हालांकि, इसके बाद वह दोबारा नेट्स में थ्रोडाउन का सामना करते नजर आए। इससे भारतीय टीम को उनकी स्थिति को लेकर शुरुआती राहत मिली थी।

कोटक ने खत्म किया गिल के खेलने को लेकर सस्पेंस

पहले वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सितांशु कोटक से गिल की फिटनेस को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय कप्तान की स्थिति ठीक है और वह मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं। कोटक के इस अपडेट के बाद गिल के मैच से बाहर रहने की अटकलों पर विराम लग गया है। पहला वनडे आज तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। तीन मैचों की यह सीरीज भारत के लिए अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से भी अहम है।

रोहित के साथ ओपनिंग कर सकते हैं गिल

पहले वनडे के लिए भारत की संभावित ओपनिंग जोड़ी को लेकर भी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। सितांशु कोटक ने संकेत दिया कि रोहित शर्मा और शुभमन गिल टीम के पसंदीदा ओपनिंग विकल्प हैं। ऐसे में यशस्वी जायसवाल को फिलहाल अपनी बारी का इंतजार करना पड़ सकता है। गिल के फिट होने की खबर भारत के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि वह टीम की कप्तानी के साथ बल्लेबाजी में भी शीर्ष क्रम की बड़ी जिम्मेदारी संभालते हैं। ऐसे में पहले वनडे से पहले उनकी उपलब्धता टीम मैनेजमेंट के लिए राहत की खबर है।