एशियाई गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कारनामा किया। शनिवार को गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा और भारत के खाते में चौथा गोल्ड मेडल जोड़ दिया। पूरे मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। एशियाई गेम्स की मजबूत टीमों में शामिल ईरान को भारतीय टीम ने कड़ी टक्कर के बाद मात दी।

हाफ टाइम तक आगे था ईरान

भारत और ईरान के बीच खेले गए गोल्ड मेडल मुकाबले में ईरानी टीम ने शुरुआत में बढ़त बनाए रखी। हाफ टाइम तक ईरान 18-17 से आगे था और भारतीय टीम पर दबाव बना हुआ था। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। भारत के रेडर अर्जुन देशवाल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। वहीं सुमित और राहुल की जोड़ी ने डिफेंस में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरानी रेडरों को टिकने नहीं दिया। ईरान के खिलाड़ी शादलोई ने भी कई मौकों पर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस के सामने उनकी एक नहीं चली। भारत ने दूसरे हाफ में बढ़त हासिल की और अंत में 40-34 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी जीता गोल्ड

पुरुष टीम की जीत से पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह शनिवार को भारत ने कबड्डी के महिला और पुरुष दोनों वर्गों में ईरान को हराकर दो स्वर्ण पदक जीते। एक ही दिन दो गोल्ड मेडल जीतना भारतीय कबड्डी के लिए बड़ी उपलब्धि रही।

भारत के खाते में चार स्वर्ण पदक

जापान में चल रहे एशियाई गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या चार हो गई है। भारत के कुल पदकों की संख्या भी 28 पहुंच गई है और वह पदक तालिका में 10वें स्थान पर है।इससे पहले सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सिल्वर मेडल जीता था। भारत ने पुरुष मैराथन में 44 साल बाद एशियाई गेम्स का पदक जीता है। वहीं स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।