कुछ दिन पहले बिहार के जमुई में हुए नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का मामले में अभी जांच चल ही रही थी। इसी बीच राज्य के समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई है।
पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया
मामला 23 सितंबर का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की एक लड़के के साथ बाइक से बांध बाइपास रोड की ओर गई थी। वहां कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले लड़के के साथ मारपीट की, जिसके बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में लड़की युवकों की हरकतों का विरोध करती दिखाई दे रही है। इसके बावजूद आरोपी कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी करते रहे। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू
सोशल मिडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद समस्तीपुर पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने घटना की पुष्टि की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के साथ वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें नजर आ रहे लोगों की भूमिका भी स्पष्ट की जा रही है। संबंधित थाने को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की
घटना के बाद पुलिस टीम आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को जांच के बाद कानून के मुताबिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। समस्तीपुर की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले बिहार के जमुई में भी नाबालिगों के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल समस्तीपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।