Jamui Nandan Yadav Encounter: बिहार के जमुई जिले में स्कूली छात्र और छात्रा से बदसलूकी मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने नंदन यादव के पैर में गोली मारी है। एक आरोपी हरेराम का पैर टूट गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। बिहार पुलिस के एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) केएस अनुपम ने कार्रवाई की पुष्टि की। इससे पहले पुलिस 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मुख्य आरोपी समेत 4 लोग फरार चल रहे थे।
पहाड़ी इलाके में घटी थी घटना
एडीजी के अनुसार पूरी वारदात 19 सितंबर की शाम 6:25 से 6:30 बजे के बीच हुई थी। जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से 3 किलोमीटर दूर सुनसान पहाड़ी इलाके में बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ युवकों ने जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और छात्रा के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते देशभर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया। महिला आयोग ने भी मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया।
एसआईटी की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखकर पुलिस ने पीड़ित दोनों नाबालिगों के बयान दर्ज किए। बयानों और वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान की गई। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जमुई एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। संबंधित थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 128, 74 और 75 के अलावा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
संलिप्त और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही कि घटना के वक्त संबंधित क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग की क्या व्यवस्था थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही या संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।