भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले वनडे मुकाबले से पहले तिरुवनंतपुरम में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर भारतीय स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा का करीब 50 फीट ऊंचा कटआउट लगाया गया है। फैंस की इस खास पहल ने मुकाबले से पहले ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
रोहित के स्वागत में फैंस ने किया खास इंतजाम
रोहित शर्मा का यह विशाल कटआउट ऑल केरल रोहित शर्मा फैंस एसोसिएशन की ओर से लगाया गया है। कटआउट स्टेडियम के बाहर लगाया गया है, जहां मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों के बीच यह खास आकर्षण बना हुआ है। केरल में बड़े-बड़े कटआउट और बैनर के जरिए खिलाड़ियों के प्रति प्यार दिखाने की परंपरा पुरानी है। अब क्रिकेट में भी फैंस का यही अंदाज देखने को मिल रहा है।
रो-को की होगी वापसी
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का रोमांचक पहला मुकाबला आज ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। मुकाबले को लेकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर है, और हो भी क्यों न? इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के दो अनुभवी और अहम खिलाड़ी—रोहित शर्मा और विराट कोहली—की वनडे टीम में धमाकेदार वापसी हुई है। इन दोनों दिग्गजों को मैदान पर एक साथ खेलते देखना हमेशा से ही फैंस के लिए एक ट्रीट रहा है, और उनकी मौजूदगी ने इस मैच का क्रेज कई गुना बढ़ा दिया है।
2023 के बाद तिरुवनंतपुरम में वनडे मैच
तिरुवनंतपुरम में होने वाला यह मुकाबला खास इसलिए भी है क्योंकि यहां आखिरी 50 ओवर का अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2023 में खेला गया था। लंबे अंतराल के बाद वनडे क्रिकेट की वापसी और रोहित-विराट की मौजूदगी ने शहर में क्रिकेट का माहौल और खास बना दिया है। स्टेडियम के बाहर लगाया गया रोहित का विशाल कटआउट इसी उत्साह की एक झलक है।