भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने घरेलू क्रिकेट के लिए नया टाइटल स्पॉन्सर तय कर लिया है। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड अब भारत में होने वाले बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट्स और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़ी टाइटल स्पॉन्सरशिप संभालेगा। यह साझेदारी मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगी। इस करार की शुरुआत भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से होगी। यानी टीम इंडिया के घरेलू मुकाबलों में नए स्पॉन्सर की ब्रांडिंग पहली बार इसी सीरीज के दौरान दिखाई देगी।

किन-किन मुकाबलों पर रहेगा स्पॉन्सर का अधिकार?

मुथूट फिनकॉर्प के साथ हुआ समझौता सिर्फ सीनियर भारतीय टीम के मैचों तक सीमित नहीं है। इसके तहत भारत में खेले जाने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले और बीसीसीआई की ओर से आयोजित घरेलू प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा इंडिया ए, इंडिया बी, आयु वर्ग की भारतीय टीमें और अन्य निर्धारित टीमों के मुकाबले भी इस साझेदारी के दायरे में आएंगे।

रणजी से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी तक

घरेलू क्रिकेट की प्रमुख प्रतियोगिताएं भी इस करार का हिस्सा होंगी। इनमें रणजी ट्रॉफी, ईरानी कप, दलीप ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी शामिल हैं। इस तरह मुथूट फिनकॉर्प को भारतीय क्रिकेट के शीर्ष स्तर से लेकर घरेलू और उभरते खिलाड़ियों तक अपनी पहुंच बनाने का मौका मिलेगा।

दो सत्रों के लिए हुआ करार 

मुथूट फिनकॉर्प ने आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की जगह ली है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की बीसीसीआई के साथ टाइटल स्पॉन्सर के रूप में साझेदारी अगस्त 2026 में समाप्त हुई थी। अब नए करार के साथ मुथूट फिनकॉर्प अगले दो सत्रों तक भारतीय घरेलू क्रिकेट के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में जुड़ा रहेगा। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस कमर्शियल साइकल में भारत में करीब 35 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने हैं, जिनमें टेस्ट, वनडे और टी20 मैच शामिल हैं। बीसीसीआई की आधिकारिक घोषणा में प्रति मैच या पूरी डील की वित्तीय राशि का खुलासा नहीं किया गया है।

बीसीसीआई ने साझेदारी का किया स्वागत

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने मुथूट फिनकॉर्प के जुड़ने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट का घरेलू सत्र राष्ट्रीय टीमों के साथ-साथ घरेलू प्रतियोगिताओं और अलग-अलग स्तर के खिलाड़ियों को भी एक मंच देता है। बीसीसीआई के अनुसार, मुथूट फिनकॉर्प की देशभर में मौजूदगी और भारतीय क्रिकेट की व्यापक पहुंच के बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव है। मुथूट फिनकॉर्प के टाइटल स्पॉन्सर बनने के साथ बीसीसीआई का मौजूदा स्पॉन्सर नेटवर्क और मजबूत हुआ है। बोर्ड पहले ही कैंपा, एसबीआई लाइफ और चैटजीपीटी को भारत के घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए एसोसिएट पार्टनर के रूप में जोड़ चुका है।