मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी एक युवा संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कि मिमिक्री वाले वीडियो को लेकर अब विवादों से घिरते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भाजपा और कांग्रेस के बीच वर्चुअल वॉर छिड़ गई है। राहुल गांधी इंदौर में संवाद कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' में पीएम की मिमिक्री को एंजॉय कर रहे थे।
पीएम की मिमिक्री को एंजॉय करते दिखे राहुल
कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम के हाव-भाव, उनके विदेशी भाषणों और हाल ही में एक रैली के दौरान एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई बातचीत की नकल उतारी। जिसे राहुल गांधी एंजॉय करते दिख रहे हैं। इसी वीडियो को केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा की पूर्व केंद्रीय मंत्री और महासचिव स्मृति ईरानी ने भी निशाना साधा है।
भाजपा ने किया पलटवार
भाजपा ने अपने एक्स हैंडल के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में पार्टी ने लिखा कि "एक तरफ पीएम मोदी ने एक बुज़ुर्ग मां को सम्मान और अपनापन दिया, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मजाक उड़ाया। यही फर्क है संस्कार और दिखावे की राजनीति में। जिस उम्र में सम्मान मिलना चाहिए, वहां राहुल गांधी का यह शर्मनाक रवैया उनकी सोच के बारे में क्या कहता है?"
भाजपा के मंत्रियों ने साधा निशाना
रिजिजू ने एक्स पर साझा किए एक पोस्ट में कहा कि "कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन गई है इसी के चलते वो हमेशा के लिए बाहर हो गए हैं।" केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इसे बुजुर्ग महिला के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए लिखा कि, 'एक तरफ सम्मान और अपनापन, दूसरी तरफ बुज़ुर्ग मां का मजाक।' स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के वीडियो को रि-पोस्ट करते हुए लिखा, "जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।"
पीएम की मिमिक्री करना गलत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी इस मुद्दे पर राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि "राहुल गांधी अक्सर इस तरह की घटनाओं में शामिल होते हैं।" यादव के मुताबिक, "अगर कार्यक्रम छात्रों का था तो राहुल गांधी को उनसे बातचीत करनी चाहिए थी और सवाल-जवाब करने चाहिए थे।" सीएम ने प्रधानमंत्री की मिमिक्री और बुजुर्ग महिला से जुड़े प्रसंग को लेकर भी आपत्ति जताई और इसे अनुचित बताया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, "शर्मनाक और घिनौना! राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी नैतिक दिवालियापन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी की स्वर्गीय माताजी और एक बुजुर्ग महिला का मजाक उड़ाना मानवीय संवेदनाओं की कमी को दर्शाता है।" बड़े नेताओं के अलावा भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा है कि "राहुल गांधी विपक्ष के नेता नहीं हैं बल्कि ट्रोल्स के नेता हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस को जवाब देते हुए लिखा, "मां राजनीति का विषय नहीं होती। किसी सभ्य समाज में मां का अपमान कतई स्वीकार्य नहीं है। राजनीतिक विरोध समझ आता है, लेकिन प्रधानमंत्री जी की दिवंगत माताजी पर अभद्र टिप्पणियों पर हंसना आपकी राजनीतिक संस्कृति को बेनकाब करता है।"
भारत की विदेश नीति पर कसा तंज
कॉमेडियन ने विदेशी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की मुलाकातों का जिक्र करते हुए बार-बार “माई फ्रेंड, हाउ आर यू?” संवाद दोहराया। इस पर मंच पर मौजूद राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, “आई एम फाइन, हाउ आर यू, मोदी जी?” इस एक्ट में प्रधानमंत्री मोदी की हालिया जनसभा से जुड़ी उस घटना का भी जिक्र किया गया, जब एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मंगाई गई थी। इसके अलावा पीएम के सिक्का ट्रिक और AI समिट से जुड़े गलगोटिया विवाद को लेकर भी व्यंग्य किया गया। मिमिक्री के दौरान भारत की विदेश नीति पर भी तंज कसा गया।