INDIA Bloc Rally Delhi News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज यानी 1 नवंबर 2026 को विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की महारैली में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटना पड़ेगा। जेल जाना होगा। राहुल गांधी ने इसे साधारण चोरी नहीं, बल्कि हर नागरिक के वोट और उसकी आवाज की चोरी बताते हुए राष्ट्रद्रोह कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। इस वजह से देश का किसान बदहाल और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। 

अंबानी-अडानी के हजारों करोड़ के कर्ज माफ कर रही सरकार: राहुल

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों (अंबानी-अडानी) के हजारों करोड़ के कर्ज माफ कर दिए जाते हैं, जबकि किसी आम नागरिक के साथ ऐसा होने पर उसे प्रताड़ित कर जेल में डाल दिया जाता है। राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जा सकते और अब हम आपके खिलाफ मजबूती से खड़े होंगे। शाह और ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि वे किसी से नफरत नहीं करते, बल्कि 'मोहब्बत की दुकान' चलाने वाले लोग हैं।

व्यापारियों के विरोध पर राहुल गांधी की अपील

दूसरी तरफ, दिल्ली के व्यापारियों और उद्यमियों के प्रमुख संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस महारैली का विरोध जताया। CTI ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा था कि राजनीति के चक्कर में व्यापारियों की 'मोहब्बत की दुकानें' बंद नहीं होनी चाहिए। इस पर राहुल गांधी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए मंच से कहा कि यह समय त्योहारों का है-दीपावली, छठ और भाईदूज का सीजन चल रहा। उन्होंने बाहर से आने वाले लाखों समर्थकों से अपील की कि वे विरोध-प्रदर्शन, मार्च और रैली करने के साथ-साथ दिल्ली के स्थानीय बाजारों से खरीदारी भी करें, ताकि स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों को भी आर्थिक फायदा पहुंच सके।

अखिलेश यादव का दावा: 2027 में होगी BJP की विदाई

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह मैदान गवाह रहा है कि जब भी यहां नया इतिहास लिखा गया है, देश में इंकलाब और परिवर्तन आया है। अखिलेश ने कहा कि जो लोग यूपी के रास्ते केंद्र में आए थे, उन्हें यूपी वाले ही बाहर का रास्ता दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यूपी के लोग अगर किसी का स्वागत अच्छा करते हैं तो उसकी विदाई उससे भी शानदार तरीके से करते हैं। लोकसभा चुनावों में मिली बढ़त का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों की ऐसी ऐतिहासिक विदाई होगी कि वे दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। उन्होंने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि यह रामजी की लीला का मैदान है, जहां सदियों से परंपरा रही है कि पापी का नाश तय होता है और रामजी के आगे कोई पापी बच नहीं सकता।

खड़गे का नारा: 'मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ'

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार को बचाए जाने का विरोध जारी रखेंगे और उन्हें हटाकर ही दम लेंगे। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह मिलकर ज्ञानेश कुमार का बचाव कर रहे हैं। खड़गे ने आरोप लगाया कि बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में छल और चोरी के जरिए सरकारें चलाई जा रही हैं, जिन्हें हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ईडी (ED) और अन्य सरकारी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए करती है। लेकिन विपक्ष डरने वाला नहीं है और एकजुट होकर लड़ाई लड़ना जानता है। खड़गे ने मंच से मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ का जोरदार नारा बुलंद किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 14 सुरक्षा जोन में बंटा रामलीला मैदान

महारैली के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दी। पूरे दिल्ली शहर और विशेषकर रैली स्थल व मार्च के रास्तों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। 4 हजार से अधिक दिल्ली पुलिस के जवानों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की विभिन्न टुकड़ियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया। पूरे रामलीला मैदान को 14 अलग-अलग सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया था, जिनमें से हर एक जोन की कमान असिस्टेंट कमिश्नर (ACP) रैंक के अधिकारी संभाल रहे थे।