PM Kisan 24th Installment News : देशभर के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए एक बहुत ही शानदार और राहत भरी खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi) की 24वीं किस्त को आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। साथ ही देश के पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे 2000-2000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी गई है।

9.34 करोड़ से अधिक किसानों को मिला सीधा फायदा

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस बार की 24वीं किस्त के जरिए 9.34 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में कुल 18690 करोड़ से अधिक की राशि भेजी गई है। यानी हर पात्र किसान के खाते में 2000 रुपए की यह तय किस्त पहुंच चुकी है। इस योजना की शुरुआत से अब तक की बात करें तो सरकार इसके माध्यम से कुल 23 किस्तों में 4.47 लाख करोड़ से ज्यादा की आर्थिक सहायता सीधे किसानों को दे चुकी है।

क्या है पीएम किसान योजना?

इस योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में की गई थी। मुख्य उद्देश्य देश के छोटे, सीमांत और पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना है। योजना के तहत किसानों को साल में 6000 रुपए की सहायता दी जाती है। यह रकम 2000 रुपए की 3 बराबर किस्तों में दी जाती है, जो ठीक हर चार महीने के अंतराल पर किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। किसान इस पैसे का इस्तेमाल खेती से जुड़ी जरूरी चीजों जैसे-खाद, बीज और अन्य कृषि खर्चों को पूरा करने में करते हैं।

ऐसे चेक करें लाभार्थियों की सूची 

आप भी इस योजना के लाभार्थी हैं और यह जानना चाहते हैं कि 24वीं किस्त के लाभ पाने वालों की लिस्ट में आपका नाम है या नहीं तो आप मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से बहुत आसानी से यह जानकारी पा सकते हैं:-

  • सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
  • वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए Farmers Corner सेक्शन में जाएं। वहां Beneficiary List के विकल्प पर क्लिक करें।
  • इसके बाद आपके सामने एक नया पेज खुलेगा, जहां आपको अपना राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और अपने गांव का नाम चुनना होगा।
  • सभी जरूरी विवरण सही-सही भरने के बाद Get Report के बटन पर क्लिक करें।
  • अब आपके पूरे गांव के लाभार्थियों की सूची आपकी स्क्रीन पर खुलकर आएगी। उसमें आप आसानी से अपना नाम ढूंढ सकते हैं।

ऐसे चेक करें स्टेटस

  • किसान आसानी से जांच सकते हैं कि उनके बैंक खाते में 2000 रुपए की किस्त जमा हुई या नहीं। इसके लिए पोर्टल पर विशेष सुविधा दी गई है:-
  • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in को ओपन करें।
  • होमपेज पर दिए गए Know Your Status के विकल्प पर क्लिक करें।
  • इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है तो पोर्टल पर Know Your Registration No विकल्प से इसे आसानी से पता कर सकते हैं।
  • इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई दे रहा कैप्चा कोड भरें और Get OTP पर क्लिक करें।
  • आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी (OTP) आएगा, जिसे दर्ज करते आपका पूरा स्टेटस स्क्रीन पर आएगा।
  • यहां आप अपनी किस्त का पेमेंट स्टेटस, बैंक का नाम, खाते में पैसे जमा होने की तारीख और ट्रांजेक्शन से जुड़ीं जानकारियां देख सकते हैं।

e-KYC पूरी करना बेहद जरूरी

सरकार ने स्पष्ट किया है कि पीएम किसान योजना का लाभ लगातार पाने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है। किसी किसान के खाते में किस्त का पैसा नहीं आया है तो उन्हें तुरंत अपना ई-केवाईसी स्टेटस, आधार कार्ड से लिंक बैंक खाता तथा अपनी जमीन के रिकॉर्ड की जानकारी की जांच करनी चाहिए। कोई जानकारी गलत पाई जाती या सत्यापन अधूरा रहता है तो आपकी किस्त अटक सकती है। ऐसे में किसान आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी अपडेट कर सकते या अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की मदद ले सकते हैं।