Attack In Pakistan : पाकिस्तान का उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत आज बम धमाके से दहल उठा। डेरा इस्माइल खान जिला स्थित एक पुलिस चेकपॉइंट को निशाना बनाकर किए गए इस फिदायीन हमले में 11 लोगों की जान चली गई। 30 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

विस्फोटक भरे वाहन को पुलिस चेकपोस्ट टकरा दिया

पुलिस-प्रशासन के मुताबिक विस्फोटक सामग्रियों से भरे वाहन को एक आत्मघाती हमलावर ने सड़क किनारे बने पुलिस चेकपोस्ट से टकरा दिया। टक्कर होते ही हुए प्रचंड धमाके से पूरा इलाका कांप उठा। प्रांतीय आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 

राहत कार्य शुरू

हादसे के तुरंत बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। मृतकों और घायलों को पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक है। इससे मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में घटनास्थल पर ईंटों का मलबा बिखरा और आसमान में धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है।

आतंकवाद विरोधी अभियानों के 2 दिन बाद वारदात

यह खूनी हमला पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की तरफ से चलाए गए हालिया आतंकवाद विरोधी अभियानों के ठीक दो दिन बाद हुआ है। दरअसल 24 सितंबर को खुफिया इनपुट के आधार पर उत्तरी वजीरिस्तान में सेना ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर आठ संदिग्ध चरमपंथियों को ढेर कर दिया था। उनके ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया था। इसके अतिरिक्त, बलूचिस्तान के मस्तुंग, तुरबत और क्वेटा जिलों में चलाए गए अभियानों में भी 16 चरमपंथी मारे गए थे।

सेना की कार्रवाई से बौखलाकर दिया अंजाम

सुरक्षा विश्लेषकों का कहना है कि सेना की इस सख्त कार्रवाई से बौखलाकर ही TTP ने पुलिस चेकपॉइंट को निशाना बनाकर इस बड़े आत्मघाती हमले को अंजाम दिया है। घटना के बाद पूरे खैबर पख्तूनख्वा इलाके में रेड अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।