संयुक्त राष्ट्र की बैठक में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा कश्मीर के मुद्दे पर भारत ने जवाब देते हुए पाकिस्तान के आतंकवाद संबंधी रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में प्रथम सचिव पेटल गहलोत ने राइट ऑफ रिप्लाई के तहत पाकिस्तान के बयान का जवाब दिया और ओसामा बिन लादेन का भी उल्लेख किया।

शेखबाज शरीफ ने UN में उठाया कश्मीर का मुद्दा

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने भारत-पाकिस्तान संबंधों और कश्मीर के मुद्दे पर बात की। भाषण में शहबाज शरीफ ने 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव के बारे में बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दखलंदाजी को अहम बताया। शरीफ ने कहा कि साऊथ एशिया को दोबारा ऐसे हालात में पहुंचने से रोकने के लिए कश्मीर विवाद का समाधान जरूरी है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के हिस्से के पानी को रोकने, बाधित करने या उसका रुख बदलने की किसी भी कोशिश को उनका देश युद्ध की कार्रवाई के तौर पर देखेगा।

भारत ने बिन लादेन का दिया उदाहरण  

पाकिस्तान के बयान के जवाब में भारतीय राजनयिक पेटल गहलोत ने आतंकवाद के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने 9/11 हमले के मुख्य साजिशकर्ता ओसामा बिन लादेन का उदाहरण देते हुए कहा कि वह पाकिस्तान में, पाकिस्तानी सैन्य अकादमी के नजदीक रह रहा था। गहलोत ने इस संदर्भ का इस्तेमाल पाकिस्तान के सुरक्षा संबंधी दावों पर सवाल उठाने के लिए किया। गहलोत ने पाकिस्तान पर लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाता रहेगा और आतंकवाद जारी रहने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जम्मू-कश्मीर भारत का स्थायी भाग

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाए जाने को भी खारिज किया। गहलोत ने भारत के आधिकारिक रुख को दोहराते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के हालात का भी उल्लेख किया और कहा कि अगर कश्मीर पर चर्चा होती है तो उस क्षेत्र की स्थिति को भी चर्चा में शामिल किया जाना चाहिए।

आतंकवाद पर भारत की सख्त चेतावनी

भारत ने अपने जवाब में पाकिस्तान के आतंकवाद से जुड़े रिकॉर्ड और उसके राजनीतिक नेतृत्व की ओर से सेना की भूमिका की प्रशंसा का भी मुद्दा उठाया। गहलोत ने शहबाज शरीफ को और पाकिस्तान को जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद जारी रहने की स्थिति में भारत अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा में शहबाज़ शरीफ़ के भाषण के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है।