जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई। इंग्लिस ने 102 गेंदों पर 103 रन बनाए और इस दौरान 11 चौके लगाए। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 100.98 रहा। उनकी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने 272 रन का लक्ष्य एक विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया।

गिलक्रिस्ट के बाद खास उपलब्धि

इस शतक के साथ इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह वनडे में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने यह उपलब्धि हासिल की थी। गिलक्रिस्ट के नाम ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में 11 शतक दर्ज हैं। इंग्लिस का यह वनडे क्रिकेट में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 120 रन की पारी खेली थी। अब जिम्बाब्वे के खिलाफ सेंचुरी जमाकर उन्होंने गिलक्रिस्ट के साथ इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है।

25 रन पर दो विकेट गिरने के बाद संभाली पारी

जिम्बाब्वे से मिले 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने सिर्फ 25 रन के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया था। इसके बाद इंग्लिस ने क्रीज पर टिककर पारी को संभाला। उन्होंने पहले कूपर कॉनॉली के साथ 52 रन जोड़े और फिर एलेक्स कैरी के साथ 85 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। 25 रन दूसरा विकेट गिरने के बाद ऑस्ट्रेलिया के पारी को संभालते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। 

ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट इंग्लिस के रूप में गिरा। उनके आउट होने के समय टीम का स्कोर 227 रन था और जीत के लिए अभी 45 रन चाहिए थे। इसके बाद नाथन एलिस ने नाबाद ने मोर्चा संभालते हुए नाबाद 36 रन और स्पेंसर जॉनसन ने सात रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर में नौ विकेट खोकर 272 रन बना लिए।

ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से जीती सीरीज

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से सफाया कर दिया। तीसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने कप्तान सिकंदर रजा के नाबाद 81 रन की बदौलत 50 ओवर में 271/8 का स्कोर खड़ा किया था। क्रेग एर्विन ने 59 और इनोसेंट काइया ने 55 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस ने तीन विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया की इस जीत के हीरो इंग्लिस रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज जीतने के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके घर पर तीन वनडे और तीन टेस्ट मुकाबले खेलेगी। वनडे सीरीज 24 सितंबर से और टेस्ट सीरीज 09 अक्टूबर से शुरू होगा।