India Gate Protest Today : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया के विरोध में आज लगातार तीसरे दिन भी राजधानी दिल्ली में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेतृत्व में निकाले गए नागरिक मार्च और आम आदमी पार्टी (AAP) एवं उसके छात्र संगठन ASAP के प्रदर्शन के कारण इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक भारी तनाव का माहौल देखने को मिला।
हिरासत में लिए गए कई कार्यकर्ता
इंडिया गेट के करीब उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रदर्शन कर रहे आप और छात्र संगठन के कार्यकर्ता हिरासत में ली गई बसों के आगे आ गए। पुलिस जब प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जाने लगी तो AAP कार्यकर्ता उन बसों पर चढ़ गए और सड़क पर बैठकर पुलिस वाहनों का रास्ता रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और हिरासत में लिए गए साथियों को ले जाने से रोकने की कोशिश की।
जंतर-मंतर और जनपथ पर पुलिस का सख्त पहरा
दूसरी ओर आइसा के नेतृत्व में इंडिया गेट से जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे नागरिक मार्च को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने जनपथ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास और जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी। फिरोज शाह रोड समेत आसपास के संवेदनशील इलाकों में दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और पैरामिलिट्री जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है। राहगीरों और गाड़ियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
चौकसी बढ़ाई गई
जंतर-मंतर पर डटे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज समेत कई प्रमुख कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही।