IAS Mandeep Bhandari News : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के अध्यक्ष अब डॉ. मनदीप कुमार भंडारी होंगे। भारत सरकार ने शुक्रवार को उन्हें इस पद पर नियुक्त किया। अभी लोखण्डे प्रशान्त सीता राम सीबीएसई अध्यक्ष का प्रभार संभाले हुए थे। मूल रूप से पंजाब के निवासी डॉ. मनदीप कुमार भंडारी गोवा, केंद्र शासित प्रदेश, अरुणाचल और मिजोरम (AGMUT) कैडर के आईएएस हैं। ये साल 2001 बैच के IAS हैं। अभी वह जम्मू और कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा के प्रधान सचिव थे।
डॉक्टरी से प्रशासनिक सेवा तक का सफर
डॉ. मनदीप भंडारी ने पंजाब यूनिवर्सिटी से MBBS की पढ़ाई की है। मेडिकल बैकग्राउंड से होने के चलते उनका सर्विस प्रोफाइल सर्जरी एवं मेडिसिन की योग्यता भी दर्ज करता है। उन्होंने यूपीएससी में सफलता पाकर ब्यूरोक्रेट्स बनने का सपना पूरा किया।
25 वर्षों से अधिक का कार्य अनुभव
25 साल से अधिक के प्रशासनिक करियर में भंडारी ने कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह करियर में 10 से ज्यादा अलग-अलग पदों पर रहे हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव, उपायुक्त, आदि अहम पद शामिल हैं।
CBSE को मिला पूर्णकालिक प्रमुख
CBSE के नेतृत्व में यह बदलाव प्रशासनिक आवश्यकता के तहत हुआ है। 2 जून 2026 को CBSE अध्यक्ष लोखण्डे प्रशांत सीता राम बनाए गए थे। फिर सीता राम को गृह मंत्रालय में जिम्मेदारी दे दी गई। तब से वह सीबीएसई के प्रभारी अध्यक्ष थे। अब डॉ. भंडारी के रूप में सीबीएसई को स्थायी और पूर्णकालिक अध्यक्ष मिला है।
नई जिम्मेदारी और मुख्य चुनौतियां क्या होंगी?
CBSE भारत के साथ-साथ विदेशों में फैले हजारों स्कूलों का संचालन, पाठ्यक्रम निर्धारण और बोर्ड परीक्षाओं की जिम्मेदारी संभालता है। ऐसे बड़े नेटवर्क का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक संतुलन बनाए रखना नए अध्यक्ष के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके अतिरिक्त परीक्षाओं में पारदर्शिता लाना, परीक्षा परिणाम विवादों को सुलझाना और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत शैक्षणिक ढांचे को और मजबूत बनाना उनके प्रमुख लक्ष्य होंगे।