Jewar Airport Rename News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में कुल 39 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें सबसे बड़ा फैसला गौतमबुद्ध नगर (ग्रेटर नोएडा) में बन रहे जेवर एयरपोर्ट को लेकर लिया गया। योगी सरकार ने जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर प्रधानमंत्री के नाम पर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। कैबिनेट बैठक के बाद लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश सरकार अब हवाई अड्डे के औपचारिक नामकरण की प्रक्रिया में जुट गई है।
पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर अभिनंदन
सीएम योगी ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय की तरह दर्ज है। सरकार के प्रमुख (मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री) के तौर पर 25 साल की अनवरत सेवा यात्रा पूरी करने पर पूरी यूपी कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया।
सीएम योगी की मुख्य बातें
सेवा का मूलमंत्र : प्रधानमंत्री ने राष्ट्र प्रथम और सेवा ही समर्पण को ध्येय मानकर देश का नेतृत्व किया है। उनकी यह यात्रा जनसेवा से जनकल्याण एवं जनभागीदारी से जनविश्वास की अनोखी मिसाल है।
विकास की रफ्तार : पीएम मोदी की अगुवाई में राज्य में 42 नए हाईवे बनाए गए हैं। केंद्र तथा राज्य सरकार की साझा सोच से यूपी आज प्रगति के नए पथ पर अग्रसर है।
विपक्ष पर साधा निशाना : 2017 के पहले और अब का अंतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता, आम जनता में डर व असुरक्षा के माहौल और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में यूपी को भयमुक्त और विकसित प्रदेश बनाया है।