India Bloc leader Meeting President Tonight : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया है। मार्च निकालने के बाद विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का वक्त मांगा था। राष्ट्रपति भवन की ओर से इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए विपक्षी प्रतिनिधिमंडल को आज रात 8 बजे का समय दिया गया है।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन से प्रमुख नेता होंगे शामिल?
राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करने वाले INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल में 10 से अधिक प्रमुख नेता शामिल रहेंगे। फिलहाल इनमें से कई दिग्गज नेताओं के नाम तय हो चुके हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष : राहुल गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष : मल्लिकार्जुन खड़गे
तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख : ममता बनर्जी
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता : तेजस्वी यादव
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-शरद पवार गुट) : सुप्रिया सुले
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M) : एमए बेबी
समाजवादी पार्टी (SP) : सांसद राजीव राय
बाकी सदस्यों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए विपक्षी दलों के बीच लगातार आपसी तालमेल और चर्चा जारी है।
संसद के सेंट्रल हॉल में जुटेंगे नेता
राष्ट्रपति भवन जाने से पहले INDIA ब्लॉक के तमाम वरिष्ठ नेता संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित होंगे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों के नामों और मुलाकात से जुड़ी व्यवस्थाओं पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे क्यों नहीं होंगे शामिल?
विपक्षी दल के दो बड़े चेहरे-समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे-इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं रहेंगे।
अखिलेश यादव : सपा ने कहा है कि अखिलेश यादव कल पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम के चलते दिल्ली नहीं आ रहे। इस चलते उनकी पार्टी का प्रतिनिधित्व सांसद राजीव राय करेंगे।
उद्धव ठाकरे : उद्धव ठाकरे ने दिल्ली नहीं आने का कारण बताते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में सूखे के हालात हैं। वे राज्य में पहले से तय कुछ जरूरी कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।