Ajinkya Shinde News : मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके को उनके साथी सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ विमान में ही हिरासत में ले लिया। पार्टी के शीर्ष नेताओं के अचानक इस तरह पकड़े जाने के बाद अब इस पूरे आंदोलन की कमान अजिंक्य शिंदे के कंधों पर डाल दी गई है। गिरफ्तारी से पहले रिकॉर्ड एक वीडियो में अभिजीत दीपके ने इसका ऐलान किया है। सीजेपी के सोशल मीडिया अकाउंटर पर शेयर हुए वीडियो में दीपके यह कह रहे कि उनके, आशुतोष और सौरव के गिरफ्तार होने के बाद अब अजिंक्य शिंदे इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे और सभी समर्थकों को उनका समर्थन करना चाहिए।

कौन हैं अजिंक्य शिंदे?

अजिंक्य भी अभिजीत दीपके की तरह महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। कुछ समय पहले ही उन्हें पार्टी में नेशनल ऑर्गनाइजेशन इंचार्ज बनाया गया था। वह इससे पहले आम आदमी पार्टी का हिस्सा रह चुके हैं। सीजेपी में उनके पास वही अहम जिम्मेदारी है, जो अमूमन बड़ी पार्टियों में मुख्य रणनीतिकारों के पास होती है। अजिंक्य लंबे समय से दीपके के बेहद भरोसेमंद साथी रहे हैं। उन्होंने अतीत में आम आदमी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट के लिए सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर के तौर पर भी सेवाएं दी थीं। दोनों की पहली मुलाकात साल 2016 में गोवा में हुई थी। उसके बाद अजिंक्य ने AAP के लिए फुल टाइम काम करने के खातिर अपनी अच्छी खासी कॉर्पोरेट नौकरी तक छोड़ दी थी।

गोवा चुनाव में AAP के लिए किया था काम

उन्होंने गोवा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए एक साल तक कड़ा परिश्रम किया था। वैसे, चुनावी नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। इसके बावजूद उनका राजनीतिक सफर थमा नहीं। उन्होंने महाराष्ट्र के कोने-कोने का दौरा किया। मूलरूप से महाराष्ट्र के अलीबाग के रहने वाले अजिंक्य सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। उनके एक्स अकाउंट पर CJP के तमाम अभियानों, जैसे-स्कूल ठीक करो आंदोलन और नीट पेपर लीक के विरोध से जुड़े कई पोस्ट देखे जा सकते हैं। वैसे, नेताओं की गिरफ्तारी के बाद से अभी उनकी तरफ से नया बयान सामने नहीं आया है।