MLC Election Results 2026 : यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक में विधान परिषद की कुल 28 सीट के लिए आज वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है। 23 अक्टूबर को मत डाले गए थे। उत्तर प्रदेश में 11, बिहार में 8, महाराष्ट्र में 5, कर्नाटक में 4 सीटों पर मतदान हुआ था। यूपी और बिहार की 19 सीटों पर कांटे की टक्कर है। महाराष्ट्र की 5 सीटों पर 182 प्रत्याशी हैं।
प्रमुख केंद्रों पर स्थिति
पटना: मतगणना स्थल के बाहर दो कर्मचारी फॉर्म-16सी और अन्य कागजात लेकर अंदर जा रहे थे, जिसका कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने केंद्र के भीतर सीसीटीवी कैमरे न होने का आरोप लगाया। वैसे, पटना डीएम कुंदन कुमार ने बताया कि चुनाव में सीसीटीवी लगाने का प्रावधान नहीं है। दूसरी ओर विधायक अनंत सिंह के आवास पर जश्न की तैयारी है।
वाराणसी: पहाड़िया स्थित मतगणना केंद्र पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि रविवार रात बिजली काटकर मतपेटियों से हेराफेरी की कोशिश की गई थी। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि गिनती में गड़बड़ी की गई तो वे प्रदर्शन करेंगे। डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर शिव हरि मीणा ने बताया कि मानक से अधिक बल तैनात हैं। चप्पे-चप्पे पर ड्रोन एवं कैमरों से नजर रखी जा रही।
गोरखपुर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए विश्वविद्यालय में केंद्र पर वोटों की गिनती जोरों पर है। 45,500 वोटों की गिनती की जा रही।
प्रशासनिक और चुनाव आयोग के पुख्ता इंतजाम
निर्बाध बिजली आपूर्ति: मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए हैं कि मतगणना पूरी होने तक हर केंद्र पर 24 घंटे बिजली की सप्लाई चालू रहे। इसके लिए ऑटो-स्विच जनरेटर जैसे वैकल्पिक साधन भी रखे गए हैं।
सुरक्षा और निगरानी: मतगणना परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। हर गतिविधि को कैमरे में रिकॉर्ड किया जा रहा। किसी भी गैर-अधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक है।