वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारतीय बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे कर लिए हैं। इस आंकड़े तक पहुंचने वाले वह दुनिया के केवल दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर ने किया था। कोहली मुकाबले से पहले 314 वनडे मैचों की 302 पारियों में 14,941 रन बना चुके थे। उन्हें 15 हजार के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 59 रन की जरूरत थी, जिसे उन्होंने आसानी से हासिल कर लिया।

सबसे कम पारियों में 15 हजार रन

15 हजार वनडे रन पूरे करने के साथ ही कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने यह उपलब्धि 303वीं पारी में हासिल की, जबकि सचिन तेंदुलकर को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 377 पारियां खेलनी पड़ी थीं। यानी कोहली ने तेंदुलकर से 74 पारियां पहले 15 हजार रन का आंकड़ा छू लिया। गेंदों के लिहाज से भी कोहली ने यह मुकाम तेजी से हासिल किया। उन्होंने 15,950 गेंदों में 15 हजार रन पूरे किए, जबकि तेंदुलकर ने 17,528 गेंदों का सामना किया था।

सचिन के बाद कोहली दूसरे नंबर पर 

वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने अपने करियर में 18,426 रन बनाए थे। कोहली अब 15 हजार रन पूरे करने के बाद इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। कोहली ने पिछले साल कुमार संगकारा को पीछे छोड़कर वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का स्थान हासिल किया था। अब 15 हजार रन के आंकड़े तक पहुंचकर उन्होंने अपने रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।

15 हजार रन पूरे करने के बाद ठोका 55वां शतक 

कोहली के लिए यह मुकाबला यहीं नहीं रुका। 15 हजार रन पूरे करने के बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर हमला जारी रखा और शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 74 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 55वां शतक था। इस पारी के साथ वह वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने हुए हैं। कोहली ने अपनी पारी में 88 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 139 रन बनाए। उनकी इस पारी में 6 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 296 रन का लक्ष्य 41.4 ओवर में ही हासिल कर लिया।

कोहली के साथ गिल ने भी जड़ा शतक

भारत की जीत में शुभमन गिल का योगदान भी बेहद अहम रहा। कप्तान गिल ने 110 रन की पारी खेली और वनडे क्रिकेट में अपना 10वां शतक पूरा किया। गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं, कोहली के लिए यह मुकाबला 15 हजार वनडे रन और 55वें शतक जैसे दो बड़े पड़ावों की वजह से यादगार बन गया।


वनडे में सबसे ज्‍यादा रन

सचिन तेंदुलकर: 18426

विराट कोहली: 15000*

कुमार संगाकारा: 14234

रिकी पोंटिंग: 13704

सनथ जयसूर्या: 13430


15,000 वनडे रन तक का सफर

उम्र: सचिन तेंदुलकर – 34 साल 66 दिन | विराट कोहली – 37 साल 326 दिन

पारी: सचिन तेंदुलकर – 377 | विराट कोहली – 303

गेंदें: सचिन तेंदुलकर – 17,528 | विराट कोहली – 15,950

डेब्यू से 15,000 रन तक: सचिन तेंदुलकर – 6,402 दिन | विराट कोहली – 6,614 दिन


विराट कोहली के सबसे तेज वनडे शतक (गेंदों)

52: बनाम ऑस्ट्रेलिया, जयपुर 2013

61: बनाम ऑस्ट्रेलिया, नागपुर 2013

74: बनाम वेस्टइंडीज, तिरुवनंतपुरम 2026 *

76: बनाम श्रीलंका, होबार्ट 2012

76: बनाम श्रीलंका, कोलंबो RPS 2017

80: बनाम श्रीलंका, गुवाहाटी 2023