उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की तहसील बल्दीराय के सुखबड़ेरी के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे में देवरिया के तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी लखनऊ से देवरिया की ओर लौट रहे थे। घायलों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

माइलस्टोन 97.5 के पास हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुखबड़ेरी के पास एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.5 के आसपास हुई। कार की रफ्तार तेज बताई जा रही है। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार आगे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कार का गेट तोड़कर निकाले गए घायल

टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त (पिचक) गया था। वाहन के भीतर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों और स्थानीय राहगीरों को भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। गेट तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी घायलों का उपचार जारी है। मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत के रूप में हुई है। तीनों देवरिया के रहने वाले थे। रिपोर्ट के मुताबिक नित्या की उम्र 22 वर्ष, इरफान की 20 वर्ष और अनिकेत की 24 वर्ष थी। तीनों टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं और लखनऊ से लौटकर अपने गृह जिले देवरिया जा रहे थे।

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बल्दीराय के उप-जिलाधिकारी (SDM) प्रभात सिंह, स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी और यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के लिए भेजना शुरू कर दिया है। प्राथमिक जानकारी के आधार पर पुलिस हादसे की वजह और कार की गति समेत दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण सड़क दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। यह गाड़ी किन परिस्थितियों में अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, इन सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस और एक्सप्रेसवे प्रबंधन की टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ।