प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 9 बजे वर्चुअल माध्यम से देशभर के लोगों को संबोधित करेंगे। वह ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाएंगे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रमों का हिस्सा है। प्रधानमंत्री का संबोधन देशभर में यात्रा के निर्धारित शुरुआती स्थलों पर लाइव प्रसारित किया जाएगा।
देशभर में निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
7 अक्टूबर को देश के विभिन्न क्षेत्रों में 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली जा रही है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को 'विकसित भारत 2047' के राष्ट्रीय संकल्प और लक्ष्य के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर सेवा ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग जिलों से सेवा ज्योति कलश यात्राएं शुरू होंगी।
25 साल के सार्वजनिक जीवन से जुड़ा कार्यक्रम
इन आयोजनों का संबंध प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने से है। वर्ष 2001 में उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था और इसके बाद 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। केंद्र सरकार ने भी मंगलवार को प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के लगातार सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करने पर एक प्रस्ताव पारित किया है।
गुजरात में विशेष कार्यक्रम
प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के लंबे सार्वजनिक जीवन के सफर और योगदान को रेखांकित करते हुए, गुजरात भाजपा ने राज्य के सभी जिलों और महानगरों में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकालने की पूरी तैयारी कर ली है। अहमदाबाद में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की शोभा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल बढ़ाएंगे, जबकि गांधीनगर जिले के रूपाल गांव में होने वाले समारोह में उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन का इन कार्यक्रमों में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
वडनगर और वाराणसी में होगा समापन
17 सितंबर से शुरू हुई राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के गृह नगर वडनगर और उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगा। वडनगर में हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जल अर्पण समेत कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इस दौरान सेवा और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री विकसित भारत के लक्ष्य और सेवा से जुड़े संकल्प पर अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग स्थानों पर केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।