The Paradise: 'द पैराडाइज' एक तेलुगु एक्शन-थ्रिलर फिल्म है। ये मूवी आज यानी 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की गई है। इसका डायरेक्शन श्रीकांत ओडेला और प्रोडक्शन सुधाकर चेरुकुरी ने किया है। इस फिल्म में सुपरस्टार नानी, मोहन बाबू, कयादू लोहार, सोनाली कुलकर्णी और राघव जुयाल अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। एडवांस बुकिंग में मूवी ने 18.58 करोड़ कीअच्छी कमाई की है। इस फिल्म को A रेटिंग मिली है, यानी 18 साल से ज्यादा की ऑडियंस इसे देख सकती हैं।

क्या है 'द पैराडाइज' की स्टोरी? 

मूवी की कहानी साल 1980 के सिकंदराबाद की है। यहां सवारी नाम की एक ट्राइब रहती है। यहां के लोग देश में रहते हुए भी देश के नहीं हैं। इनके पास न ही कोई अधिकार है, न ही अपनी कोई पहचान। इन पर शिकंजा मलिक (मोहन बाबू) राज करता है, जो इन्हें अपना गुलाम समझता है। कहानी का हीरो जदल (नानी) वो भी इसी ट्राइब का हिस्सा है। वह जेल से वापस लौटता है और देखता है कि उसके लोग आज भी मलिक के अत्याचार के बीच जिंदगी जीने को मजबूर हैं। बस यहीं से कहानी असली मोड़ लेती है। जो लड़का कभी सिर्फ अपनी जिंदगी जीना चाहता था, अब अपनी पूरी कम्युनिटी के लिए आवाज उठाने लगता है। जदल अपने लोगों को उनके अधिकार, पहचान और सम्मान दिलाने के लिए सिस्टम के खिलाफ खड़ा हो जाता है।

कैसे हैं लोगों के रिएक्शन?

ये फिल्म नानी के फैंस कोअच्छी लग रही है। लोगों ने इस फिल्म को मिक्स्ड रिएक्शन दिए हैं। कुछ ने बोला फिल्म इंटरवल तक पसंद आई। नानी का तेलंगाना एक्सेंट लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। एक यूजर ने तो ये भी कहा, 'नानी की फिल्म 'पैराडाइज' 'टॉक्सिक' से भी ज्यादा खराब है।' तो किसी और ने कहा कि 'फिल्म का पहला हिस्सा तो अच्छा है, लेकिन दूसरा हिस्सा बर्दाश्त के बाहर है।' अभी तो फिल्म के पेड प्रीमियर और फर्स्ट डे के ही रिएक्शंस आए हैं। आगे देखते हैं ये फिल्म ऑडियंस को कितनी पसंद आती है।  

'द पैराडाइज' कितनी कर सकती है कमाई?

फिल्म ने भारत में पहले दिन 23.77 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, वर्ल्ड वाइड प्री-रिलीज ग्रॉस 45 करोड़ से पार हो चुका है। ओपनिंग डे के हिसाब से नानी के करियर की ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई है।