पनीर को वेजीटेरियन डाइट में बहुत जरूरी मन गया है। वेजीटेरियन लोगों को पनीर से सबसे ज्यादा प्रोटीन ओर कैल्शियम जैसे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इससे हड्डियां मजबूत होती हैं, मांसपेशियों का विकास होता है और ब्लड शुगर भी काबू में रहता है। साथ ही पनीर का स्वाद लोगों को इतना पसंद आता है कि खुद को रोक पाना मुश्किल हो जाता है। पराठें हो, सब्जी हो या फिर मोमो और पिज्जा हर चीज में पनीर की अलग ही दीवानगी देखने को मिलती है। लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि ज्यादा पनीर खा लिया तो क्या हो सकता है। पनीर के जितने फायदे हैं, ज्यादा खाने से उतने नुकसान भी हो सकते हैं। तो चलिए जानते हैं कि पनीर खाने से क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं।
कोलेस्ट्रॉल की समस्या
पनीर खाना अच्छा है, लेकिन आपने इसे ज्यादा मात्रा में खा लिया तो इससे आपका कोलेस्ट्रॉल भी तेजी से बढ़ सकता है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ा तो सीने में दर्द, सांस फूलना, और थकान जैसी समस्यें होती हैं। साथ ही कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से दिल की बीमारी होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
वजन बढ़ना
पनीर में काफी ज्यादा फैट होता है। अक्सर लोग वजन बढ़ाने के लिए अपनी डाइट में पनीर को शामिल करते हैं और एक अच्छी क्वांटिटी में इसे कंज्यूम करते हैं। वहीं, अगर आप वजन की समस्या से जूझ रहे हैं या फिर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो पनीर के सेवन से आपकी कोशिशों पर पानी फिर सकता है।
दस्त
पनीर से हमें प्रोटीन मिलता है, जो हमारे लिए बेहद जरूरी है। हालांकि, पनीर ज्यादा खा लिया तो शरीर में प्रोटीन इतना बढ़ सकता है कि आपको दस्त भी हो सकते हैं। प्रोटीन की मात्रा बढ़ने से अक्सर ऐसी समस्याएं हो सकती हैं।
डाइजेशन की समस्या
पनीर में फाइबर मौजूद नहीं होता और अगर आपने पनीर किसी भी तरह से ज्यादा खा लिया तो डाइजेशन से जुड़ी प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। यानी ज्यादा पनीर मतलब पेट दर्द, भारीपन और कब्ज जैसी समस्याओं को न्योता देना है।
नकली पनीर से खतरा
आज कल पनीर को लेकर खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है। इन दिनों बाजार में नकली पनीर ज्यादा बिक रहा है। असली और नकली पनीर पहचानना काफी मुश्किल हो गया है। नकली पनीर आपको न सिर्फ बीमार कर देगा बल्कि हॉस्पिटल तक पहुंचा सकता है। आजकल पनीर के नाम पर हानिकारक केमिकल्स खिलाकर लोगों की जान और सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।