बॉलीवुड में एक बार फिर पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान की निजी जिंदगी सुर्खियों में है। लंबे समय से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन अब खबरें हैं कि करीब तीन साल तक एक-दूसरे के करीब रहने के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया है। इतना ही नहीं, दोनों के साथ होने वाले कुछ शूट भी कथित तौर पर रद्द कर दिए गए हैं।

क्या आपसी सहमति से अलग हुए पलक और इब्राहिम?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान ने अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दोनों के बीच अलगाव हुआ है और इस फैसले में इब्राहिम की पहल बताई जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर दोनों के बीच किसी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी की खबर नहीं है। सूत्रों का कहना है कि अलग होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है और दोनों इस निजी मामले को लोगों के सामने नहीं लाना चाहते। बताया जा रहा है कि फिलहाल दोनों अपने-अपने काम और करियर पर ध्यान देना चाहते हैं।

साथ होने वाले शूट भी हुए प्रभावित

इस खबर के सामने आने के बाद दोनों के प्रोफेशनल कमिटमेंट्स को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पलक और इब्राहिम को साथ लेकर किए जाने वाले कुछ शूट या तो कैंसिल कर दिए गए हैं या फिर उन्हें फिलहाल टाल दिया गया है। इन शूट्स के रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दिलचस्प बात यह है कि अलगाव की खबरों के बीच दोनों सोशल मीडिया पर अब भी एक-दूसरे को फॉलो कर रहे हैं। ऐसे में उनके रिश्ते को लेकर सामने आ रही खबरों ने फैंस के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

2022 में शुरू हुई थीं रिश्ते की चर्चाएं

पलक तिवारी और इब्राहिम अली खान के नाम पहली बार साल 2022 में एक साथ चर्चा में आए थे। उस दौरान दोनों को मुंबई के एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलते हुए देखा गया था। कैमरों को देखते ही पलक अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती नजर आई थीं। बस फिर क्या था, दोनों के बीच अफेयर की अटकलें शुरू हो गईं। इसके बाद कई मौकों पर दोनों को एक साथ देखा गया। कभी पार्टी में उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी तो कभी साथ छुट्टियां बिताने की खबरें सामने आईं। दोनों ने कभी भी खुलकर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। दोनों सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बताते रहे। फिलहाल पलक और इब्राहिम की ओर से ब्रेकअप की खबरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।