Nigeria Air Force Plane Crash News Hindi : अफ़्रीकी देश नाइजीरिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 32 लोगों का निधन हो गया। 5 अक्टूबर की सुबह 9 बजे के आसपास वायु सेना के ATR-42 विमान ने बेनिन शहर से लागोस के लिए अपनी रूटीन फ्लाइट भरी थी। अपने गंतव्य स्थल के समीप एक नेवल बेस के करीब पहुँचते ही यह विमान अचानक अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। हादसे में किसी भी व्यक्ति के जीवित बचने की संभावना नहीं रही।
वायु सेना प्रमुख समेत 32 की मौत
इस दर्दनाक हादसे में वायु सेना के शीर्ष कमांडर, एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके का भी निधन हो गया है। प्रेसिडेंसी की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार प्लेन में कुल 25 पैसेंजर्स और 7 क्रू सदस्य थे। दुर्घटना का मंजर इतना खौफनाक था कि सभी की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। फिलहाल विमान में आई किसी तकनीकी खराबी या अन्य वजहों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि, जांच दल ने कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
राष्ट्रध्यक्ष ने दिए जांच के आदेश
देश पर टूटे इस संकट के बाद नाइजीरियाई राष्ट्रध्यक्ष बोला टिनुबू ने बेहद गहरा दुख प्रकट किया है। दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने पूरे मुल्क में 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया। इस अवधि के दौरान सेना व देश के सभी सरकारी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रपति ने जांच अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस त्रासदी के वास्तविक कारणों का जल्द पता लगाया जाए।
पहले भी हुए हैं बड़े नाइजीरियाई विमान हादसे
मई 2021 : एक प्लेन क्रैश में तत्कालीन सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरू और उनके साथ मौजूद 10 अन्य वरिष्ठ फौजी अफसर शहीद हो गए थे।
साल 2015 : उत्तरी हिस्से में वायु सेना का एक एयरक्राफ्ट रिहायशी बस्ती के एक मकान पर जा गिरा था। उसमें 7 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।