lakhimpur Kheri Ex Girlfriend Murder News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने कैंपस के भीतर घुसकर गोली मारकर शिक्षिका की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। गोलीबारी की इस खौफनाक घटना में दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना बाद मासूम बच्चों और स्कूल स्टाफ में भारी दहशत का माहौल है।
निशात को खींचते हुए दूसरी मंजिल की ओर ले गया
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में सुबह 11:30 बजे 26 वर्षीय सऊद अंसारी बैग में तमंचा छिपाकर दाखिल हुआ। उसने वहां कार्यरत 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को नीचे बुलाया। इसके बाद सऊद शिक्षिका का हाथ पकड़कर जबरन खींचते हुए दूसरी मंजिल की ओर ले जाने लगा। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में शिक्षिका उसका विरोध करती दिख रही है, जबकि पास में खड़े छोटे बच्चे घबराकर यह सब देख रहे थे।
निशात के सिर में मारी गोली
दूसरी मंजिल के कॉरिडोर में पहुंचते ही आरोपी ने बैग से तमंचा निकाला और निशात के सिर में गोली मार दी। शिक्षिका के जमीन पर गिरते सऊद ने खुद की कनपटी पर भी तमंचा सटाकर ट्रिगर दबा दिया। क्लासरूम के ठीक सामने हुई गोलीबारी से स्कूल परिसर में भगदड़ मच गई।
एक साल से स्कूल में पढ़ा रही थी निशात
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निशात फातिमा एक साल से इस स्कूल में पढ़ा रही थीं और आरोपी सऊद के साथ उनका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हाल में शिक्षिका ने सऊद से ब्रेकअप कर लिया था। इस बात से खुन्नस खाया आरोपी हत्या के इरादे से हथियार लेकर स्कूल पहुंचा था। घटना की सूचना मिलते डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी ख्याति गर्ग पुलिस बल तथा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके से साक्ष्य जुटा रही फॉरेंसिक टीम
एसपी ख्याति गर्ग ने बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। स्कूल में क्लास 5 तक के छोटे बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक बेहद गंभीर विषय है। पुलिस अब स्कूल के सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा एसओपी और इस बात की गहनता से जांच कर रही कि बाहरी व्यक्ति बिना चेकिंग के हथियार लेकर अंदर कैसे दाखिल हो गया।