गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे मुकाबले को टीम इंडिया ने 127 रनों से जीतकर सीरीज का शानदार अंत किया। मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने धमाकेदार 108 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। रनों के लिहाज से T20I में यह अफगानिस्तान की सबसे बड़ी हार रही। मुकाबले के हीरो रहे अभिषेक शर्मा जिन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में 11 छक्कों और 9 चौकों की बदौलत 108 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपना शतक मात्र 30 गेंदों में पूरा किया और रिकॉर्ड्स की लड़ी लगा दी। यह टी20 में उनका 10वां शतक था। इससे पहले उन्होंने मात्र 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बने। 

अभिषेक और संजू ने खेली आक्रामक पारियां 

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने आक्रामक पारी खेलते हुए पॉवरप्ले में ही 100 रन बना दिए। इसमें अभिषेक का 76 और सैमसन ने 24 रनों का योगदान दिया। अभिषेक शर्मा T20I में पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 गेंदों में 142 रन जोड़े। 

221 रन तक पंहुचा भारत 

अभिषेक 108 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रनों की रफ्तार में कमी आई। सिर्फ कप्तान श्रेयस अय्यर ही 20 गेंदों में 29 रन बना सके, जिसमें 2 छक्के शामिल रहे। इसके बाद शिवम दुबे ने भी 10 गेंदों में 14 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा ने सिर्फ 2 रन बनाए और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। ईशान किशन के बल्ले से 10 रन निकले। 

अभिषेक और संजू की आक्रामक पारियों की बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह ओमरजई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 9 की इकोनॉमी के साथ 27 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। ओमरजई ने सैमसन और दुबे के विकेट झटके। राशिद खान को भी अभिषेक शर्मा का विकेट मिला। 

94 रनों पर सिमटी अफगानिस्तान की पारी 

भारत के दिए 222 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत कुछ खास अच्छी नहीं रही। अक्षर पटेल ने चौथे ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को 15 रन के स्कोर पर बोल्ड कर भारत को पहला विकेट दिलाया। पहला विकेट गिरने के बाद अफगानिस्तान के विकेट गिरते चले गए। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा।  अफगानिस्तान की तरफ से कप्तान इब्राहिम जादरान ने 16 गेंदों का सामना करते हुए सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। इसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई ने 17 रन और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 15 रनों का योगदान दिया। कोई भी अफगानी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका। 

नीतीश और बिश्नोई ने चटकाए 3-3 विकेट

भारत की तरफ से नीतीश कुमार रेड्डी और रवि बिश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। नीतीश ने 4 ओवर में 25 रन दिए, जबकि बिश्नोई ने 3.1 ओवर में 26 रन दिए और 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। अक्षर पटेल ने भी किफायती गेंदबाजी की और 3 ओवर में मात्र 9 रन देकर 2 विकेट भी चटकाए। जसप्रीत बुमराह और यश ठाकुर ने भी 1-1 सफलता हांसिल की। अफगानिस्तान की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने 14.1 ओवर में महज 94 रनों पर ढेर हो गई। टी20 इंटरनेशनल में यह अफगानिस्तान का भारत के खिलाफ सबसे छोटा टोटल है। इस तरह भारत ने तीसरे टी20 में 127 रनों की बड़ी जीत दर्ज की और सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया।