Tatkal Ticket Booking News : दीवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों पर घर जाने वाले रेल यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। ऐसे में सामान्य कोटे में कन्फर्म सीट मिलना लगभग असंभव हो जाता है। आप भी टिकट न मिलने से परेशान हैं तो तत्काल कोटा आपके काम आ सकता है। वैसे, तत्काल में टिकट पाना भी एक बड़ी चुनौती है, जिसके लिए आपको सही समय और नियम पता होने चाहिए। आइए समझते हैं कि आईआरसीटीसी (IRCTC) के जरिए तत्काल टिकट कैसे बुक करें और किन बातों का विशेष ध्यान रखें।
कब खुलती है तत्काल बुकिंग?
रेलवे नियमानुसार ट्रेन जिस स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करती है, वहां की रवानगी तारीख से ठीक एक दिन पहले तत्काल कोटा खुलता है।
एसी (AC) क्लास : सुबह 10 बजे से बुकिंग शुरू होती है।
स्लीपर व नॉन-एसी (Non-AC) क्लास : सुबह 11 बजे से विंडो खुलती है।
उदाहरण : ट्रेन 28 अक्टूबर को अपनी शुरुआती जगह से चलने वाली है तो इसके तत्काल टिकट की बुकिंग 27 अक्टूबर को शुरू होगी।
नोट: ध्यान रखना जरूरी है कि हर ट्रेन या हर श्रेणी में तत्काल कोटा उपलब्ध हो, ऐसा अनिवार्य नहीं है।
तत्काल बुकिंग के लिए जरूरी शर्तें
अकाउंट वेरिफिकेशन : तत्काल टिकट ऑनलाइन बुक करने के लिए आपका IRCTC अकाउंट आधार से वेरीफाइड होना बेहद जरूरी है।
ओटीपी वेरिफिकेशन : बुकिंग प्रोसेस पूरा करने के लिए आधार लिंक मोबाइल पर आने वाला OTP वेरिफिकेशन भी अनिवार्य किया गया है।
IRCTC से तत्काल टिकट बुक करने का आसान तरीका
- सबसे पहले IRCTC की वेबसाइट या आधिकारिक मोबाइल ऐप पर जाकर अपने अकाउंट में लॉग इन करें।
- अपनी यात्रा की तारीख, प्रस्थान स्टेशन और गंतव्य (कहां से कहां तक जाना है) दर्ज करें।
- उपलब्ध ट्रेनों की लिस्ट में से अपनी मनपसंद ट्रेन और श्रेणी (AC/ Sleeper) का चयन करें।
- कोटे वाले ऑप्शन में जाकर Tatkal चुनें और यात्रियों का विवरण सही-सही भरें।
- सीटों की उपलब्धता और कुल किराया चेक करने के बाद तुरंत पेमेंट प्रक्रिया पूरी करें।
- बुकिंग पूरी होते PNR नंबर और सीट का स्टेटस संभालकर रख लें।
काम की बातें और जरूरी नियम
पहले से तैयारी रखें : त्योहारों के सीजन में मांग ज्यादा रहती है। इसलिए बुकिंग खुलने से 5-10 मिनट पहले लॉग इन कर लें।
पैसेंजर लिस्ट तैयार रखें : यात्रियों का नाम, उम्र और लिंग जैसी जानकारी पहले से सेव करके या लिखकर रखें ताकि टाइप करने में समय बर्बाद न हो।
तेज पेमेंट ऑप्शन : समय बचाने के लिए UPI या पेमेंट वॉलेट जैसे त्वरित विकल्प तैयार रखें।
यात्रियों की सीमा : एक PNR नंबर पर तत्काल कोटे के तहत अधिकतम 4 यात्रियों का ही टिकट बुक किया जा सकता है।
अतिरिक्त शुल्क : तत्काल कोटे में साधारण किराये के ऊपर एक्स्ट्रा तत्काल चार्ज देना पड़ता है।
नो रिफंड पॉलिसी : आपका तत्काल टिकट कन्फर्म होता है और आप उसे कैंसिल कराते हैं तो उस पर रिफंड नहीं दिया जाता। इसलिए यात्रा और यात्रियों की डिटेल्स जांचकर बुक करें।
अगर कन्फर्म टिकट न मिले तो क्या करें?
पसंदीदा ट्रेन में सीटें खत्म हो जाएं तो निराश न हों। आप उसी रूट की दूसरी ट्रेनों, यात्रा के समय में बदलाव या नजदीकी किसी अन्य रेलवे स्टेशन का विकल्प चुन सकते हैं। इसके अलावा रेलवे द्वारा त्योहारों पर चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की घोषणाओं पर भी नजर बनाए रखें। याद रखें कि सही रणनीति और समय पर प्रयास करने से टिकट मिलने की संभावना जरूर बढ़ जाती है, लेकिन त्योहारों के दौरान कन्फर्म सीट मिलने की शत-प्रतिशत गारंटी नहीं होती है।