Protest Against CEC Gyanesh Kumar : कांग्रेस पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आयोग के कामकाज में मनमानी और दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को अनसुना करने के गंभीर आरोपों के बीच कांग्रेस ने आज पूरे देश में जोरदार प्रदर्शन किया। एक अंग्रेजी अखबार में ज्ञानेश कुमार के मनमाने रवैये के दावे के बाद पार्टी ने राष्ट्रव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग कर रही है।

दिल्ली में कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर और मणिपुर तक कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। दिल्ली में भारतीय यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। यहां कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और ज्ञानेश कुमार के पुतले को हथकड़ियां लगाईं। जब प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

लखनऊ में तेज बारिश के बीच विरोध-प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज बारिश के बावजूद कांग्रेसी कार्यकर्ता वोट चोर, गद्दी चोर के नारे लगाते हुए विधानसभा और राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर बढ़े। चंडीगढ़ में हरियाणा और पंजाब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-17 स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन में आरोप लगाया गया कि भाजपा ने वोट चोरी कर सत्ता हासिल की है।

पटना में विधानसभा के बाहर बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास

पटना में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बाहर बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे मार्च को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। कई कार्यकर्ता हिरासत में भी लिए गए।

गुवाहाटी और मणिपुर में मार्च निकाला

गुवाहाटी में गौरव गोगोई की अगुवाई में मार्च निकाला गया। मणिपुर के इंफाल में प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के मुख्य कार्यालय के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। देहरादून में कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी की। शैलजा कुमारी ने विरोध मार्च का नेतृत्व किया। जम्मू में निर्वाचन भवन के बाहर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता नासिर हुसैन की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। फिर ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कोलकाता में काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।

CWC की बैठक में तैयार होगी आगे की रणनीति

कांग्रेस का आरोप है कि ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग को अपने हिसाब से चला रहे। वो लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की धज्जियां उड़ा रहे। सूत्रों के मुताबिक 29 सितंबर को होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उसमें विपक्षी दलों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस और महाभियोग (इम्पीचमेंट मोशन) लाने जैसे कड़े कदमों पर विचार हो सकता है। फिलहाल इस देशव्यापी प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।