जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजधानी के कई इलाकों में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद हैं, जबकि नई दिल्ली जिले के निर्धारित क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित की गई हैं। सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानियों की आशंका के चलते कई स्कूलों ने पढ़ाई का तरीका बदलते हुए ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, कुछ कॉलेजों ने अपनी परीक्षाएं टाल दी हैं और मौजूदा हालातों को देखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों के शेड्यूल में फेरबदल किया है।

CEC के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने इस कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी है। संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं के मद्देनजर मध्य दिल्ली और नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ निगरानी भी तेज कर दी है।

45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का फैसला किया है। यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से प्रभावी होकर 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक लागू रहेगा। इस अवधि के दौरान तय किए गए मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि नई दिल्ली स्टेशन को छोड़कर बाकी अन्य प्रभावित स्टेशनों पर ट्रेन बदलने (इंटरचेंज) का विकल्प खुला रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यह सलाह दी गई है कि वे घर से रवाना होने से पहले मेट्रो संचालन से जुड़ी अपडेटेड जानकारी जरूर देख लें।

नई दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद

राजधानी में प्रदर्शन के चलते जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। यह पाबंदी 9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक प्रभावी है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है।

स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं, गतिविधियां भी स्थगित

सुरक्षा इंतजामों, बैरिकेडिंग और यातायात में संभावित व्यवधान के कारण कई स्कूलों ने 10 अक्टूबर की पढ़ाई और गतिविधियों में बदलाव किया है। सरदार पटेल विद्यालय ने कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं ऑनलाइन कराने का निर्णय लिया है। स्कूल में प्रस्तावित एक्टिविटी वीक का उद्घाटन भी आगे के लिए टाल दिया गया है। भारतीय विद्या भवन के मेहता विद्यालय ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित खेल दिवस अभ्यास और अतिरिक्त शैक्षणिक गतिविधियां रद्द कर दी हैं। वहीं, रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) को पुनर्निर्धारित किया है। कुछ अन्य संस्थानों ने भी परिसर में होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित किया है। 

कॉलेजों की परीक्षाएं टलीं, नई तारीखों का ऐलान

मेट्रो सेवाओं में प्रतिबंध और विद्यार्थियों की आवाजाही को लेकर चिंता के बीच कुछ कॉलेजों ने परीक्षाओं की तारीख बदल दी है। भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने 10 अक्टूबर को होने वाली मिड-टर्म परीक्षाएं सोमवार तक के लिए स्थगित की हैं। महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने भी अपनी मिड-टर्म परीक्षाएं 12 अक्टूबर तक टालने की सूचना दी है। संस्थानों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए हैं। छात्रों को परीक्षा में शामिल होने से पहले अपने कॉलेज की आधिकारिक सूचना जरूर जांचनी चाहिए। 

रेलवे और सड़क यातायात पर भी असर

दिल्ली में संभावित जाम और यात्रियों को रेलवे स्टेशनों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को देखते हुए नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। मध्य दिल्ली के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और सुरक्षा जांच के कारण अतिरिक्त समय लग सकता है। रेलवे यात्रियों को अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने और यात्रा से पहले वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी गई है। दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के चलते आम लोगों की आवाजाही, सार्वजनिक परिवहन और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। यात्रियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबंधित मेट्रो, रेलवे, स्कूल या कॉलेज की आधिकारिक एडवाइजरी देखकर ही यात्रा और दिनभर की योजना बनाने की सलाह दी गई है।