Delhi CJP Protest: पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke), सौरव दास और आशुतोष रांका को डिटेन किए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपनी आगे की योजना बताई है। पार्टी ने कहा है कि नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बावजूद देशभर में प्रदर्शन जारी रहेगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
अभिजीत दीपके बोले- 'मैं अरेस्ट होने आया हूं'
चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के खिलाफ प्रदर्शन से पहले, 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने तब हिरासत में ले लिया, जब उनकी फ्लाइट राजधानी में उतरी। एयर इंडिया के प्लेन के अंदर के एक वीडियो में महिला पुलिसकर्मी दीपके और सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लेती हुई दिखीं। मुंबई से आ रहे दीपके को पुलिस से यह कहते हुए सुना गया, "मैं यहां अरेस्ट होने आया हूं। मुझे अरेस्ट करो। मैं तुमसे डरता नहीं हूं।" एक पुलिसकर्मी ने जवाब दिया, "नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है। सर, कृपया सहयोग करें।" इसके बाद दीपके ने कहा, "मुझे अपना बैग ले जाने दें।"
वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों पर प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि CJP, जो Gen-Z युवाओं का एक प्रोटेस्ट मूवमेंट है- पिछले दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेशनल मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम के पेपर लीक के खिलाफ धरने की वजह से जुलाई में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। पार्टी ने हिरासत की घटनाओं की निंदा करते हुए बिना शर्त तुरंत रिहाई की डिमांड की है। CJP ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। यह प्रदर्शन वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों (खासकर स्पेशल इंटेंसिव रिविजन या SIR के दौरान) और वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले 'फॉर्म 6' से जुड़े बदलावों को लेकर किया जा रहा है।
ध्रुव राठी भी हिरासत में लिए गए, मेट्रो बंद और ट्रेनें रद्द
CJP नेताओं के साथ शामिल होने के लिए जर्मनी से भारत आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी आज सुबह हिरासत में ले लिया गया। विरोध प्रदर्शन से पहले रात भर में 400 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया, सैकड़ों ट्रेनें रद्द कर दी गईं और दर्जनों मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए।