China Military Satellites : अंतरिक्ष की दुनिया में चीन ने अपनी सैन्य और जासूसी ताकत को खतरनाक स्तर तक मजबूत कर लिया है। अमेरिकी डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) की हालिया 2026 की रिपोर्ट के खुलासे के मुताबिक ड्रैगन के बेड़े में अब 510 से अधिक सैन्य निगरानी उपग्रह (मिलिट्री सर्विलांस सैटेलाइट) शामिल हो चुके हैं। गौर करने वाली बात है कि साल 2018 के मुकाबले इनकी संख्या में 3 गुना से ज्यादा का उछाल आया है। इन अत्याधुनिक सैटेलाइट्स के जरिए चीन दुनिया भर के देशों के सैन्य ठिकानों, विशालकाय युद्धपोतों और ताकतवर लड़ाकू विमानों की हर एक गतिविधि पर पैनी नजर गड़ाए है। इस तकनीकी छलांग से चीन को अमेरिका और उसके तमाम सहयोगी मुल्कों की हर सैन्य हरकत की सटीक खबर मिल रही है।
हर जरूरत के लिए अलग और एडवांस जासूस सैटेलाइट
चीन द्वारा अंतरिक्ष में भेजे गए ये सभी उपग्रह एक जैसे नहीं हैं, बल्कि इन्हें अलग-अलग गुप्त और सामरिक कामों के लिए तैयार किया गया है:
जमीन की साफ तस्वीरें : इनमें से कुछ सैटेलाइट्स जमीन पर मौजूद हर हलचल की हाई-क्वालिटी तस्वीरें खींचने में माहिर हैं।
रडार तकनीक : कुछ विशेष उपग्रह रडार तकनीक से लैस हैं, जो घने बादलों को चीरकर भी आसमान से नीचे की निगरानी कर सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल : इसके अलावा कई सैटेलाइट दुश्मन के इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल्स और कम्युनिकेशंस को ट्रैक करने का काम करते हैं।
इन तमाम माध्यमों से मिलने वाला डेटा चीन की सेना को विरोधी देशों की हर फौजी तैयारी और रणनीति को पहले से भांपने में बहुत मदद करता है।
30 मिनट में किसी भी कोने की तस्वीर हासिल करने की क्षमता
अमेरिकी रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि चीन का यह विशालकाय सैटेलाइट नेटवर्क इतना ताकतवर है कि यह पृथ्वी के किसी भी हिस्से की तस्वीर महज आधे घंटे या उससे कम समय में खींचकर सामने ला सकता है। वैसे, इसका मतलब यह नहीं है कि वह हर जगह हर सेकंड लाइव नजर रख सकता है, लेकिन कम-से-कम समय में किसी भी टारगेट की ताजा तस्वीर पा लेना उसकी बड़ी फौजी ताकत को दर्शाता है। युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालातों में यह क्षमता किसी भी देश के लिए पासा पलटने वाली साबित हो सकती है, जिससे सेना को आसानी से पता चल जाता है कि दुश्मन इस वक्त कहां छिपा और क्या कर रहा।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र और अमेरिका के लिए बड़ा खतरा
चीन की इस बढ़ती अंतरिक्ष ताकत का सबसे ज्यादा और सीधा असर इंडो-पैसिफिक यानी हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर पड़ सकता है। इस संवेदनशील इलाके में दक्षिण चीन सागर, ताइवान के आसपास का समुद्री इलाका और हिंद महासागर पूरी तरह शामिल हैं, जहां अमेरिका और उसके मित्र देशों की नौसेनाएं लगातार सक्रिय रहती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक चीन के ये जासूस उपग्रह अमेरिकी विमानवाहक पोतों (एयरक्राफ्ट कैरियर), युद्धपोतों और फौजी जहाजों की पल-पल की लोकेशन ट्रैक कर सकते हैं। इस खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करके चीन अपनी युद्ध रणनीतियों को और अधिक घातक बना रहा है।
अंतरिक्ष को भी युद्ध का अखाड़ा बना रहा है चीन
कई वर्षों से ड्रैगन अंतरिक्ष में पैर पसार रहा। वह केवल वैज्ञानिक खोज या टेलीकम्युनिकेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष का इस्तेमाल पूरी तरह सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए कर रहा। अमेरिकी स्पेस फोर्स के अनुसार चीन अब ऐसी तकनीकें विकसित करने में जुटा है, जो दूसरे देशों के सैटेलाइट्स के काम में अड़ंगा डाल या उन्हें अंतरिक्ष में नष्ट कर सकें। इन तमाम खुलासों से यह जाहिर होता है कि चीन अब अंतरिक्ष को अपनी सैन्य ताकत का सबसे बड़ा हथियार बना चुका है। 510 से ज्यादा निगरानी उपग्रहों का होना उसकी अंतरिक्षीय धौंस को बयां करता है। इस चलते आने वाले दिनों में अमेरिका और चीन के बीच अंतरिक्ष की जंग और ज्यादा तेज होने की पूरी संभावना है, जहां देशों की सुरक्षा और भविष्य की जंग पूरी तरह इन सैटेलाइट्स की चाल पर टिकी होगी।